Ranji Trophy 2025: झारखंड पर मंडराया पारी की हार का खतरा, आंध्र के अभिषेक रेड्डी का ऐतिहासिक दोहरे शतक
रणजी ट्रॉफी 2025 में झारखंड पर पारी की हार का खतरा मंडरा रहा है। आंध्र के अभिषेक रेड्डी ने शानदार दोहरा शतक लगाकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाय ...और पढ़ें

अभिषेक रेड्डी के ऐतिहासिक दोहरे शतक
HighLights
झारखंड पर पारी की हार का खतरा
अभिषेक रेड्डी का दोहरा शतक
झारखंड की कमजोर बल्लेबाजी
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। कीनन स्टेडियम में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-ए मुकाबले में आंध्र के सलामी बल्लेबाज अभिषेक रेड्डी के ऐतिहासिक दोहरे शतक (247) ने मेजबान झारखंड को मैच से लगभग बाहर कर दिया है।
आंध्र द्वारा पहली पारी में छह विकेट पर 567 रन बनाकर पारी घोषित करने के बाद, झारखंड की टीम तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी में 34 रन पर दो विकेट खोकर संघर्ष कर रही है। झारखंड अब भी 205 रन पीछे है और उस पर पारी की हार का खतरा मंडरा रहा है।
दो विकेट पर 224 रन से आगे खेलना शुरू
मंगलवार को तीसरे दिन आंध्र ने अपने सोमवार के स्कोर दो विकेट पर 224 रन से आगे खेलना शुरू किया। कल के नाबाद शतकवीर अभिषेक रेड्डी ने अपनी शानदार लय जारी रखी और झारखंड के थके हुए गेंदबाजों पर कोई रहम नहीं दिखाया। उन्होंने मैदान के चारों ओर आकर्षक शाट लगाए और अपनी पारी को एक विशाल दोहरे शतक में तब्दील कर दिया।
रेड्डी ने पहले शेख रशीद (58) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 122 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इसके बाद उन्होंने करण शिंदे (94) के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 208 रनों की तूफानी साझेदारी कर झारखंड की वापसी की सारी उम्मीदें खत्म कर दीं।
247 रन बनाकर आउट
रेड्डी 348 गेंदों की अपनी मैराथन पारी में 20 चौके और दो छक्के जड़ते हुए 247 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, करण शिंदे शतक से महज छह रनों से चूक गए, लेकिन उनकी 129 गेंदों पर खेली 94 रन की तेज पारी ने आंध्र को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
खबरें और भी
अंत में सौरभ कुमार (नाबाद 28) और अश्विन हेब्बर (नाबाद 11) ने तेजी से रन बटोरे, जिसके बाद आंध्र ने पारी घोषित कर दी। झारखंड की ओर से अनुकूल रॉय और रिशव राज दो-दो विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे, लेकिन वे काफी महंगे साबित हुए।
झारखंड की खराब शुरुआत
पहली पारी में 239 रनों से पिछड़ने के बाद दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी झारखंड की शुरुआत एक बार फिर निराशाजनक रही। टीम का स्कोर जब 14 रन था, तब सलामी बल्लेबाज शिखर मोहन (3) केवी शशिकांत का शिकार बन गए। इसके कुछ देर बाद, फॉर्म में चल रहे कुमार कुशाग्र (16) को सौरभ कुमार ने पगबाधा आउट कर झारखंड को दूसरा बड़ा झटका दिया।
दिन का खेल खत्म होने पर शरनदीप सिंह 13 और मनीषी दो रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। मैच में अब सिर्फ एक दिन का खेल बचा है और झारखंड को यह मुकाबला बचाने के लिए किसी चमत्कार की जरूरत होगी। टीम के सामने पहली बड़ी चुनौती आंध्र की विशाल बढ़त को पार करने की है, जो बेहद मुश्किल नजर आ रहा है।
Jitendra Singh