विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इवेको ग्रुप के 40 हजार करोड़ रुपये के अधिग्रहण को ECB से मंजूरी, अंतिम चरण में टाटा मोटर्स की डील

Published: Wed, 02 Sep 2026 05:33 PM (IST)

टाटा मोटर्स को इवेको ग्रुप के 3.8 अरब यूरो के अधिग्रहण के लिए यूरोपीय सेंट्रल बैंक (ECB) से अंतिम नियामक मंजूरी मिल गई है।

अब इटली के नियामक कंसोब की समीक्षा के बाद शेयरधारकों के लिए औपचारिक ओपन ऑफर जारी होगा।

अब इटली के नियामक कंसोब की समीक्षा के बाद शेयरधारकों के लिए औपचारिक ओपन ऑफर जारी होगा।

HighLights

  1. ECB ने टाटा मोटर्स के इवेको अधिग्रहण को अंतिम मंजूरी दी।

  2. 3.8 अरब यूरो की डील अब अंतिम चरण में पहुंची।

  3. जमशेदपुर प्लांट से टाटा का वैश्विक विस्तार होगा।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। भारतीय ऑटोमोबाइल दिग्गज टाटा मोटर्स द्वारा इटली के इवेको ग्रुप (Iveco Group) के 3.8 अरब यूरो (लगभग 40 हजार करोड़ रुपये) के अधिग्रहण प्रस्ताव को यूरोपीय सेंट्रल बैंक (ECB) से अंतिम नियामक मंजूरी मिल गई है। 
 
इस मंजूरी के साथ ही इस अंतरराष्ट्रीय सौदे के लिए आवश्यक सभी सेक्टर-विशिष्ट नियामकीय स्वीकृतियां पूरी हो चुकी हैं।
 
अब इटली के प्रतिभूति बाजार नियामक कंसोब (CONSOB) द्वारा दस्तावेजों की समीक्षा पूरी होते ही टाटा मोटर्स, इवेको के शेयरधारकों के लिए औपचारिक ओपन ऑफर जारी करेगी।
 

तीन प्रमुख अंतरराष्ट्रीय नियामकों से मिली हरी झंडी 

अधिग्रहण की यह प्रक्रिया टाटा मोटर्स की डच सब्सिडियरी टीएमएल सीवी होल्डिंग्स बीवी के माध्यम से संचालित की जा रही है।

ईसीबी की स्वीकृति से टाटा को फ्रांस में पंजीकृत इवेको की दो प्रमुख वित्तीय संस्थाओं- 'आइसी फाइनेंशियल सर्विसेज' और 'सीएनएच इंडस्ट्रियल कैपिटल यूरोप'-में अप्रत्यक्ष हिस्सेदारी हासिल करने का अधिकार मिल गया है।

इससे पूर्व ब्रिटेन के FCA ने 5 जनवरी को और बैंक ऑफ स्पेन ने 24 जून को अपनी अनापत्ति दे दी थी। वाहनों की बिक्री और डीलरों को वित्तीय मदद देने वाली क्रेडिट संस्थाओं के शामिल होने के कारण यह वित्तीय जांच अनिवार्य थी।

जमशेदपुर प्लांट और टाटा का वैश्विक विस्तार 

टाटा मोटर्स का जमशेदपुर स्थित 'मदर प्लांट' भारत में भारी और मध्यम कमर्शियल वाहनों (ट्रक और बस) के उत्पादन का मुख्य आधार स्तंभ रहा है। 
 
इस ऐतिहासिक अधिग्रहण से टाटा मोटर्स का व्यावसायिक दायरा यूरोप, लैटिन अमेरिका और अन्य विकसित अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक व्यापक हो जाएगा।
 
जमशेदपुर प्लांट की मजबूत विनिर्माण क्षमता और इवेको के वैश्विक वितरण नेटवर्क के तालमेल से टाटा मोटर्स दुनिया की शीर्ष कमर्शियल वाहन निर्माताओं में अपनी स्थिति को और मजबूत करेगी। 
 
कंसोब की समीक्षा संपन्न होने के बाद ऑफर डॉक्यूमेंट आधिकारिक रूप से प्रकाशित किया जाएगा, जिसके बाद इटली और अमेरिका के पात्र शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी टाटा मोटर्स को बेचने के लिए निविदा प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।