Tata steel plant के कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर: आज से बदल गया जनरल शिफ्ट का समय, जानिए नया शेड्यूल
टाटा स्टील जमशेदपुर प्लांट में आजसे यानी 1 नवंबर से जनरल शिफ्ट ड्यूटी का समय बदल गया। अब लगभग 2,800 ...और पढ़ें

वर्तमान में टाटा स्टील में कर्मचारियों के आने-जाने के लिए पांच अलग-अलग शिफ्ट टाइमिंग लागू थीं।
HighLights
टाटा स्टील जमशेदपुर में जनरल शिफ्ट का समय बदला।
1 नवंबर से सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक ड्यूटी।
उत्पादन और लॉजिस्टिक्स सुधारने के लिए लिया गया निर्णय।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट में कार्यरत कर्मचारियों की जनरल शिफ्ट ड्यूटी के समय में एक बड़ा बदलाव किया गया है।
आज यानी 1 नवंबर से यह नई व्यवस्था प्रभावी हो गई है। इसके तहत प्लांट में कार्यरत लगभग 2,800 कर्मचारी अब सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे (8:30 AM - 5:30 PM) की एक समान जनरल शिफ्ट में अपनी ड्यूटी करेंगे।
उत्पादन और लॉजिस्टिक्स को सुगम बनाने के लिए लिया गया फैसला
वर्तमान समय तक टाटा स्टील में कर्मचारियों के आवागमन के लिए पांच अलग-अलग शिफ्ट टाइमिंग (सुबह 7 से शाम 4, 7:30 से 4:30, 8 से 5, 8:30 से 5:30 और 9 से शाम 6 बजे) लागू थीं।
इन अलग-अलग समयों पर कर्मचारियों की लगातार आवाजाही के कारण सुरक्षा कारणों से कंपनी परिसर के भीतर भारी वाहनों के परिचालन को बार-बार रोकना पड़ता था।
इससे प्लांट की उत्पादन और लॉजिस्टिक्स प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी। अब एक ही समय पर ड्यूटी तय होने से भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह सुचारू रूप से चल सकेगी, जिससे उत्पादन कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।
प्रबंधन और यूनियन पदाधिकारियों के बीच हुई थी बैठक
इस नई व्यवस्था को लागू करने से पहले प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के शीर्ष पदाधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी।
इस बैठक में चीफ एचआर बीपी यशवंत पांडेय, चीफ सिक्योरिटी ब्रिगेडियर आशुतोष और चीफ प्रकाश सिंह ने यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह तथा महासचिव सतीश सिंह को इस निर्णय की आधिकारिक जानकारी दी थी।
प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह बदलाव केवल जनरल शिफ्ट में काम करने वाले कर्मचारियों पर ही लागू होगा। वहीं, तीन पालियों में चलने वाली नियमित शिफ्ट - 'ए' शिफ्ट (सुबह 6 से दोपहर 2), 'बी' शिफ्ट (दोपहर 2 से रात 10) और नाइट शिफ्ट (रात 10 से सुबह 6 बजे) - पूर्व की भांति यथावत रूप से संचालित होती रहेंगी।