Tata Steel में 'सैलरी वाली दीपावली' की तैयारी: मई में बोनस जैसा वेज रिवीजन; 27% तक बढ़ सकता है वेतन
टाटा स्टील के हजारों कर्मचारियों के लिए बहुप्रतीक्षित वेतन समझौते का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। टाटा वर्कर्स यूनियन अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी की व ...और पढ़ें

टाटा स्टील की प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
वेतन समझौते पर जल्द खत्म होगा इंतजार।
मई के पहले सप्ताह तक हस्ताक्षर संभव।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर । टाटा स्टील के हजारों कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है। बहुप्रतीक्षित वेतन समझौते (Wage Revision) को लेकर चल रहा इंतजार अब जल्द ही खत्म होने वाला है।
टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी के शहर लौटने के बाद बुधवार से प्रबंधन और यूनियन के बीच औपचारिक वार्ता का दौर दोबारा शुरू हो गया है।
9 अप्रैल को होगी अहम बैठक
समझौते को अंतिम रूप देने के लिए प्रबंधन ने 9 अप्रैल को कलिंगानगर (Kalinganagar) यूनिट के प्रतिनिधियों को भी जमशेदपुर बुलाया है। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों इकाइयों के लिए संतुलित वेतन संरचना तैयार करना है।
7 साल की अवधि और एमजीबी का गणित
सूत्रों की मानें तो सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो मई के पहले सप्ताह तक समझौते पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। संकेत मिल रहे हैं कि इस बार भी वेतन समझौता सात वर्षों की अवधि के लिए ही होगा।
वर्तमान में कर्मचारियों के बीच सबसे अधिक चर्चा एमजीबी (Minimum Guaranteed Benefit) को लेकर है। कर्मचारी और यूनियन निम्नलिखित मांगों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं:
- ओल्ड ग्रेड (S-1): कर्मचारियों का तर्क है कि 2018 के वेतन स्तर को बरकरार रखने के लिए कम से कम 23% एमजीबी आवश्यक है।
- न्यू सीरीज (NS-7): इस श्रेणी के कर्मचारियों के लिए सात इंक्रीमेंटल वैल्यू के आधार पर 27% एमजीबी की उम्मीद की जा रही है।
- अन्य मुद्दे: डीए (महंगाई भत्ता) की प्रति पॉइंट वैल्यू में सुधार, नए ग्रेड के कर्मचारियों के स्लैब में वृद्धि और एफडीए (Fixed Dearness Allowance) पर भी गहन चर्चा होने वाली है।
संतुलित मॉडल पर जोर
यूनियन के कमेटी मेंबरों के अनुसार, वे एक ऐसा वेतन मॉडल तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं जिससे पुराने और नए दोनों ग्रेड के कर्मचारियों को अधिकतम लाभ मिले। वेतन वृद्धि के साथ-साथ उनके करियर ग्रोथ और सेवानिवृत्ति (Retirement) लाभों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रबंधन का रुख भी अब तक सकारात्मक रहा है, जिससे कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।