Tata Steel वेज रिवीजन: 16 महीने से लंबित वेतन समझौते पर मैराथन बैठक, एमजीबी और डीए वैल्यू पर फंसा पेच
टाटा स्टील के कर्मचारियों का 16 महीने से लंबित वेतन संशोधन समझौता प्रबंधन और यूनियन के बीच मैराथन बैठकों के बावजूद अभी भी एमजीबी और डीए वैल्यू पर अटका ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
एमजीबी और डीए वैल्यू पर बनी हुई है असहमति।
मई के अंत तक समझौते की उम्मीद, बैठकें जारी।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टाटा स्टील के कर्मचारियों के वेज रिवीजन (वेतन संशोधन) को लेकर प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन दोनों पर ही दबाव काफी बढ़ गया है। जनवरी 2025 से लंबित इस समझौते के कारण कर्मचारियों में बेचैनी साफ देखी जा रही है।
16 महीने से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी अब तक अंतिम सहमति नहीं बन सकी है। अब कर्मचारी खुलकर यूनियन नेतृत्व और कमेटी मेंबरों से प्रगति को लेकर सवाल पूछ रहे हैं।
व्हाट्सएप ग्रुपों से लेकर फैक्ट्री के अंदर तक सिर्फ एक ही चर्चा
सूत्रों के अनुसार, इन दिनों फैक्ट्री के भीतर विभागों से लेकर सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों तक में वेज रिवीजन ही सबसे बड़ा मुद्दा बना हुआ है। कर्मचारियों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए कई कमेटी मेंबर भी अब जल्द और सम्मानजनक समझौते की मांग यूनियन नेतृत्व के सामने उठा रहे हैं।
मैराथन बैठकें शुरू, लेकिन इन दो मुख्य बिंदुओं पर फंसा है पेच
करीब 18 दिनों के लंबे अंतराल के बाद बीते मंगलवार को प्रबंधन और यूनियन के शीर्ष पदाधिकारियों के बीच मैराथन बैठक हुई, जो बुधवार को भी जारी रही। हालांकि वार्ता सकारात्मक माहौल में चल रही है, लेकिन जानकारों के मुताबिक कुछ अहम बिंदुओं पर अभी भी दोनों पक्षों के बीच 'बड़ा गैप' बना हुआ है:
- एमजीबी (Minimum Guaranteed Benefit) पर सहमति बनना बाकी है।
- डीए (Dearness Allowance) प्रति पॉइंट वैल्यू को लेकर पेच फंसा हुआ है।
मई के अंत तक आ सकता है फैसला
बैठक में प्रबंधन की ओर से सीएचआरओ (CHRO) जुबिन पालिया और अन्य शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे, जबकि यूनियन का प्रतिनिधित्व अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश कुमार सिंह और महासचिव सतीश कुमार सिंह ने किया।
दोनों पक्ष बातचीत के जरिए रास्ता निकालने के पक्ष में हैं। यदि आने वाले दिनों में इसी तरह लगातार बैठकें होती रहीं और दोनों पक्षों ने व्यावहारिक लचीलापन दिखाया, तो मई के अंत तक इस ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर होने की पूरी संभावना है।