टाटा-रांची हाईवे पर खूनी खेल: चांडिल में कारोबारी को मारी ताबड़तोड़ गोली, TMH में इलाज के दौरान मौत
जमशेदपुर के पास एनएच-33 पर चांडिल में निखार सबलोक नामक युवक पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे वह गंभीर ...और पढ़ें

टेंथ माइल होटल के ठीक सामने घात लगाए अपराधियों ने निखार सबलोक नामक युवक को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी।
HighLights
एनएच-33 पर चांडिल में युवक निखार सबलोक पर फायरिंग।
गंभीर घायल निखार जमशेदपुर के टीएमएच में भर्ती।
पुलिस ने मौके से 8 खोखे बरामद किए, जांच शुरू।
जासं, जमशेदपुर। एनएच-33 (टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग) पर सोमवार को बेखौफ अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। चांडिल थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध 'टेंथ माइल' होटल के ठीक सामने घात लगाए अपराधियों ने निखार सबलोक नामक युवक को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी।
हमले में गंभीर रूप से घायल निखार को आनन-फानन में जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया, जहां इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई है।
अंधाधुंध फायरिंग से हाईवे पर मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घात लगाए हमलावरों ने निखार सबलोक को देखते ही उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग की आवाज से टेंथ माइलस्टोन होटल के आसपास और हाईवे पर भगदड़ मच गई।
लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद हथियारबंद अपराधी मौके से आसानी से फरार होने में कामयाब रहे।
पुलिस ने बरामद किए 8 खोखे, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर दिया। पुलिस ने मौके से आठ खोखे (खाली कारतूस) बरामद किए हैं।
जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि अपराधियों ने हत्या की नीयत से भारी गोलीबारी की थी। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
