पश्चिम मेदिनीपुर पुलिस का कड़ा एक्शन: 10 किलो चांदी बरामद, गो तस्करी और सेक्स रैकेट का भंडाफोड़
पश्चिम मेदिनीपुर पुलिस ने एसपी पापिया सुल्ताना के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 किलो अवैध चांदी बरामद की, साथ ही अंतरजिला मवेशी तस्करी गि ...और पढ़ें

पश्चिम मेदिनीपुर की पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में जिले में हाल के दिनों में हुई कई महत्वपूर्ण पुलिस कार्रवाइयों की जानकारी दी।
HighLights
पश्चिम मेदिनीपुर पुलिस ने 9.738 किलो अवैध चांदी पकड़ी।
अंतरजिला मवेशी तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, 9 मवेशी बचाए।
'गोल्डन रिजॉर्ट' में देह व्यापार रैकेट ध्वस्त, कई गिरफ्तार।
संवाद सूत्र, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर की पुलिस अधीक्षक (SP) पापिया सुल्ताना ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जिले में हुई कई महत्वपूर्ण पुलिस कार्रवाइयों का खुलासा किया।
पुलिस ने एक ओर जहां करीब 10 किलो अवैध चांदी बरामद की है, वहीं दूसरी ओर अंतरजिला मवेशी तस्करी गिरोह और होटल में चल रहे देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ किया है।
9.738 किलोग्राम चांदी के साथ आरोपी गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि 4 अगस्त को मिली गुप्त सूचना के आधार पर घाटाल और दासपुर थाने की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आशीष सिंह उर्फ राकेश को गिरफ्तार किया।
आरोपी के पास से 9.738 किलोग्राम चांदी बरामद की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी चांदी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या बिल प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। मामले की गहन जांच जारी है।
3 वर्षों से सक्रिय मवेशी तस्करी गिरोह का पर्दाफाश
दासपुर थाना क्षेत्र में एक पिकअप वैन से 9 मवेशियों को मुक्त कराया गया। इस मामले में अंगार खान और शुकदेव नायक को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी सुल्ताना ने बताया कि यह एक संगठित गिरोह है जो पिछले तीन वर्षों से विभिन्न जिलों में सक्रिय था। गिरोह के मुख्य सरगना और अन्य सहयोगियों को दबोचने के लिए छापेमारी की जा रही है।
'गोल्डन रिजॉर्ट' में छापेमारी, देह व्यापार रैकेट ध्वस्त
तीसरी बड़ी सफलता नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में मिली। एएसपी खड़गपुर और एसडीपीओ खड़गपुर के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत 'गोल्डन रिजॉर्ट' पर छापेमारी की गई।
पुलिस ने होटल मालिक समेत कई पुरुषों और महिलाओं को गिरफ्तार किया है। मौके से होटल का रजिस्टर, ड्रग्स, शराब और भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। प्रारंभिक जांच के अनुसार होटल में लंबे समय से अवैध देह व्यापार संचालित हो रहा था।
होटलों के लिए सख्त दिशा-निर्देश और जीरो टॉलरेंस
एसपी पापिया सुल्ताना ने स्पष्ट किया कि जिले के सभी होटल संचालकों के साथ जल्द ही बैठक की जाएगी। सभी होटलों में ठहराने वाले प्रत्येक व्यक्ति का वैध पहचान पत्र अनिवार्य रूप से दर्ज करना होगा।
नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि पश्चिम मेदिनीपुर पुलिस संगठित मानव तस्करी और महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रखेगी।