Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बांग्ला अब चुप नहीं रहेगा: योगी आदित्यनाथ ने बंगाली में दिया भाषण; ममता सरकार पर साधा निशाना

    Updated: Mon, 13 Apr 2026 12:01 AM (IST)

    योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के कांथी में 'विजय संकल्प सभा' को संबोधित किया। उन्होंने बंगाली में भाषण देकर भीड़ का दिल जीता और ममता बनर्जी के 'खेला ...और पढ़ें

    कांथी रेलवे स्टेशन से सटे मैदान में योगी आदित्‍यनाथ की चुनावी सभा में उमड़ी भीड़।

    कांथी रेलवे स्टेशन से सटे मैदान में योगी आदित्‍यनाथ की चुनावी सभा में उमड़ी भीड़।

    जागरण संवाददाता, खड़गपुर। पश्चिम बंगाल में चुनावी पारा अपने चरम पर है। रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मेदिनीपुर के कांथी में आयोजित 'विजय संकल्प सभा' को संबोधित किया। बांकुड़ा के बाद कांथी पहुंचे योगी आदित्यनाथ का स्वागत पूर्व सांसद शिशिर अधिकारी और सांसद सौमेंदु अधिकारी ने मां दुर्गा की प्रतिमा भेंट कर किया।
     

    बंगाली में भाषण: दिल भी जीता और दीदी को घेरा भी

    योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत बंगाली भाषा में करके हजारों की भीड़ का दिल जीत लिया। उन्होंने ममता बनर्जी के चर्चित नारे 'खेला होबे' पर पलटवार करते हुए कहा क‍ि बांग्ला अब चुप नहीं रहेगा। 
     
    इस बार खेल खत्म हो गया है और विकास शुरू हो गया है। उन्होंने आह्वान किया कि बंगाल की महान संस्कृति को फिर से सम्मान दिलाने के लिए टीएमसी को सत्ता से बेदखल करना जरूरी है।
     

    तुष्टिकरण और बांग्लादेशी हिंदुओं का मुद्दा 

    योगी ने ममता सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए पड़ोसी देश बांग्लादेश का जिक्र किया। उन्होंने कहा क‍ि कुछ दिन पहले बांग्लादेश में एक हिंदू दलित की बेरहमी से हत्या की गई, भाजपा ने विरोध किया, आंदोलन किया, लेकिन ममता दीदी चुप रहीं। उन्हें डर है कि कहीं उनका मुस्लिम वोट बैंक खिसक न जाए।
     

    यूपी मॉडल और माफियाओं पर प्रहार 

    अपने 25 मिनट के भाषण में योगी ने बंगाल की वर्तमान स्थिति की तुलना 8-9 साल पहले के उत्तर प्रदेश से की। उन्होंने दावा किया कि यूपी में 'डबल इंजन' की सरकार आने के बाद कानून का राज कायम हुआ है। 
     
    उन्होंने कड़े शब्दों में कहा क‍ि उत्तर प्रदेश में अब तुष्टिकरण नहीं, संतोष है। वहां सभी माफियाओं को जहन्नुम की यात्रा पर भेज दिया गया है। उन्होंने बंगाल में भी इसी तरह के बदलाव और माफिया राज के अंत की अपील की।
     

    महान विभूतियों को किया नमन 

    कांथी की धरती से योगी ने बंगाल के महान सपूतों स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, बंकिम चंद्र चटर्जी, गुरुदेव टैगोर और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को नमन करते हुए सिपाही विद्रोह का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जिस धरती ने देश को राष्ट्रगीत दिया और क्रांति की राह दिखाई, आज वहां भ्रष्टाचार और लूटपाट का बोलबाला है।

    इस जनसभा में कांथी और आसपास की विधानसभा सीटों के सभी भाजपा प्रत्याशी और हजारों समर्थक मौजूद रहे। योगी के संबोधन ने जंगल महल और कांथी संगठनात्मक जिले के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंक दी है।