जन्माष्टमी-भाद्र पूर्णिमा पर रेल यात्रियों को राहत, बिहार-झारखंड के बीच चलेंगी 3 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें
Eastern Railway: जन्माष्टमी और भाद्र पूर्णिमा पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने महत्वपूर्ण मार्गों पर तीन जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।

जमालपुर-देवघर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
जन्माष्टमी, भाद्र पूर्णिमा पर यात्रियों की भीड़ हेतु विशेष ट्रेनें।
जमालपुर, देवघर, गोड्डा, सुल्तानगंज रूट पर चलेंगी ट्रेनें।
सितंबर माह में विभिन्न तिथियों पर होगा परिचालन।
जागरण संवाददाता, जामताड़ा। झारखंड और बिहार के रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। बिहार के सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर श्रद्धालु झारखंड के देवघर पहुंचते हैं और बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करते हैं। जन्माष्टमी और भाद्र पूर्णिमा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तीन जोड़ी विशेष ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है।
इन ट्रेनों के चलने से सुल्तानगंज, देवघर और आसपास के क्षेत्रों के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। Eastern Railway का यह कदम पर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रेलवे की सूचना के अनुसार, 03442/03441 जमालपुर–देवघर–जमालपुर पैसेंजर स्पेशल जमालपुर से सुबह 05:10 बजे प्रस्थान कर देवघर 10:10 बजे पहुंचेगी। जबकि 03441 देवघर–जमालपुर स्पेशल देवघर से दोपहर बाद 3:45 बजे प्रस्थान कर जमालपुर रात 10:25 बजे पहुंचेगी। दोनों ओर से ये ट्रेन छह, 13, 20 और 27 सितंबर को चलेंगी।
वहीं 03444 देवघर–गोड्डा स्पेशल देवघर से 10:45 बजे प्रस्थान कर गोड्डा 12:40 बजे पहुंचेगी, जबकि 03443 गोड्डा–देवघर स्पेशल गोड्डा से दोपहर 1:15 बजे प्रस्थान कर देवघर 3:20 बजे पहुंचेगी। दोनों ओर से यह ट्रेन छह, 13, 20 और 27 सितंबर को चलेंगी।
जबकि 03575 देवघर–सुल्तानगंज मेमू स्पेशल देवघर से शाम 5:30 बजे प्रस्थान कर सुल्तानगंज रात 9:25 बजे पहुंचेगी। यह ट्रेन तीन और 25 सितंबर को चलेगी। जबकि 03576 सुल्तानगंज–देवघर मेमू स्पेशल सुल्तानगंज से सुबह 05:45 बजे प्रस्थान कर देवघर 09:35 बजे पहुंचेगी। इसका परिचालन चार और 26 सितंबर को होगा। सभी विशेष ट्रेनें मार्ग के सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहरेंगी।
