जामताड़ा में पेंशनधारकों के लिए डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अनिवार्य, बीडीओ ने दिए निर्देश
Jamtara बीडीओ ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत पेंशन लाभुकों के लिए डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट शत-प्रतिशत बनवाने का निर्देश दिया है। ...और पढ़ें

राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत पेंशन के लिए डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अनिवार्य। (प्रतीकात्मक फोटो)
संवाद सहयोगी, जामताड़ा। राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के तहत संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभुकों का डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (डीएलसी) शत-प्रतिशत तैयार कराने को लेकर जामताड़ा प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी मुखिया, पंचायत सचिव एवं आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
छह अगस्त को जारी पत्र में उपायुक्त जामताड़ा के निर्देश के आलोक में कहा गया है कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन (आईजीएनईपीएस) तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन (आईजीएनडीपीएस) के सभी लाभुकों का डीएलसी के माध्यम से बनाना अनिवार्य है।
घर-घर संपर्क कर बनवाने का आदेश
बीडीओ ने निर्देश दिया है कि सभी मुखिया, पंचायत सचिव और आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाएं अपने-अपने क्षेत्र के लाभुकों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनवाना सुनिश्चित करें। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यदि समय पर यह कार्य पूरा नहीं हुआ तो संबंधित लाभुकों की भविष्य में पेंशन बाधित होने की संभावना बनी रहेगी।
इस कार्य के लिए पंचायतवार एवं ग्रामवार लाभुकों की सूची उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को प्रतिदिन निर्धारित प्रपत्र में कार्य की दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रखंड कार्यालय में जमा करने का निर्देश भी दिया गया है।
खबरें और भी
बीडीओ ने सभी वार्ड सदस्यों, पंचायत सहायकों एवं वीएलई से भी इस अभियान में समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहयोग करने की अपील की है, ताकि जिले के सभी पात्र पेंशनधारियों का डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट समय पर तैयार कराया जा सके।