जामताड़ा कॉलेज में अब नहीं होगी पानी की किल्लत, प्राचार्य ने किया पेयजल केंद्र का शुभारंभ; लगेंगे 55 पंखे
जामताड़ा कॉलेज में भीषण गर्मी को देखते हुए छात्रों के लिए दो प्याऊ (पेयजल केंद्र) शुरू किए गए हैं।

एआई जेनरेटेड तस्वीर
HighLights
जामताड़ा कॉलेज में दो पेयजल केंद्र शुरू।
सभी कक्षाओं में जल्द ही 55 पंखे लगेंगे।
छात्रों को गर्मी और पानी की समस्या से राहत।
संवाद सहयोगी, जामताड़ा। जामताड़ा महाविद्यालय जामताड़ा में भीषण गर्मी को देखते हुए बुधवार को छात्रों के हित में महत्वपूर्ण पहल की गई। कॉलेज परिसर में दो प्याऊ (पेयजल केंद्र) की व्यवस्था करते हुए छात्रों के लिए शुद्ध पेयजल सुविधा का शुभारंभ किया गया। इस कदम से लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे छात्रों को बड़ी राहत मिली है।
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर कौशल ने बताया कि छात्रों द्वारा कई बार पेयजल की समस्या को लेकर आवेदन दिया गया था। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय से समन्वय स्थापित किया गया और तत्पश्चात प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
सभी कक्षों में लगेंगे पंखे
प्राचार्य ने कहा कि कॉलेज प्रशासन छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है। उन्होंने आगे जानकारी दी कि केवल पेयजल ही नहीं, बल्कि कक्षाओं में भी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
जल्द ही सभी कक्षों में 55 पंखे लगाए जाएंगे, जिससे गर्मी के बीच भी पढ़ाई का माहौल सुगम हो सके और कक्षाएं नियमित रूप से संचालित हो सकें। इस पहल को लेकर छात्रों में उत्साह देखा गया।
पंखों की व्यवस्था से छात्रों को काफी राहत
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगर मंत्री प्रकाश यादव ने प्राचार्य का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कॉलेज प्रशासन ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और त्वरित समाधान किया। उन्होंने कहा कि शुद्ध पेयजल और पंखों की व्यवस्था से छात्रों को काफी राहत मिलेगी।
छात्रों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह उनकी अन्य समस्याओं का समाधान किया जाएगा। कॉलेज परिसर में अब पेयजल की उपलब्धता से गर्मी के इस मौसम में छात्रों को राहत मिलने के साथ-साथ पढ़ाई का वातावरण भी बेहतर होगा।
मौके पर महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ एसएन बंदोपाध्याय, प्रोफेसर डॉ रिजवार, अंजू मुर्मू, कुणाल सिंह, अनिकेत शर्मा, जिला संयोजक चंदन रजक,अमन कुमार, संजय मंडल, शंभू साधु, प्रदीप महतो, जीतू पाल, सिंटू यादव समेत अन्य उपस्थित थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।