विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जामताड़ा में शराब से लदी पिकअप पलटी, सड़क पर बिखरी बोतलें; मची लूट

Published: Sun, 30 Aug 2026 11:31 AM (IST)

Jamtara Liquor Loot: झारखंड के जामताड़ा में शराब की बोतलों से लदी एक पिकअप वैन पलटने से स्थानीय लोगों ने बिखरी बोतलों को लूट लिया।

सड़क पर पलटी वैन से शराब की बोतलें निकालते लोग। (फोटो साैजन्य)

सड़क पर पलटी वैन से शराब की बोतलें निकालते लोग। (फोटो साैजन्य)

HighLights

  1. जामताड़ा में शराब से लदी पिकअप वैन पलटी।

  2. हादसे के बाद सड़क पर बिखरी शराब की लूट।

  3. 'डाक पार्सल' लिखी वैन में बिना लेबल की शराब।

संवाद सूत्र, बिंदापाथर (जामताड़ा)। झारखंड के जामताड़ा जिले के खागा थाना क्षेत्र के धावा और चापुड़िया गांव के बीच शनिवार देर रात शराब की बोतलों से लदी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद वाहन में लदी शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद शराब की लूट मच गई। कई लोग सड़क पर बिखरी बोतलें उठाकर अपने साथ ले गए।

दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन का नंबर जेएच 10 सीएफ 2760 है। वाहन पर ‘डाक पार्सल’ लिखा हुआ है। वहीं, वाहन में लदी शराब की बोतलों पर कोई लेबल नहीं लगा होने की बात सामने आ रही है।

हादसे के बाद पिकअप का चालक समेत उसमें सवार सभी लोग मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर खागा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को कब्जे में लेकर थाना ले गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

पिकअप वैन पर ‘डाक पार्सल’ लिखे होने और उसमें कथित तौर पर बिना लेबल वाली शराब की बोतलें मिलने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि आखिर ‘डाक पार्सल’ लिखे वाहन में शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था।

हालांकि, बरामद शराब वैध है या अवैध, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविकता सामने आने की उम्मीद है।