झारखंड के मंत्री इरफान अंसारी के क्षेत्र में महामारी का कहर, 19 बीमार; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में
झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड के तीन गांवों में खसरे का प्रकोप सामने आया है, जिससे अब तक 19 लोग बीमार हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की टी ...और पढ़ें

प्रभावित परिवारों के बीच स्वास्थ्य विभाग की टीम और मंत्री इरफान अंसारी (फाइल फोटो)।
संवाद सहयोगी, जागरण, जामताड़ा। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के विधानसभा क्षेत्र जामताड़ा के नारायणपुर प्रखंड के सिकदारडीह, कोरीडीह टू और बगरूडीह गांव में मिजिल्स (चेचक) का प्रकोप सामने आया है, जिससे अब तक 19 लोग बीमार हो चुके हैं। चेचक को लेकर लोगों में दहशत है।
मामले की जानकारी मिलते ही जिला महामारी विशेषज्ञ डा. अजीत कुमार दुबे अपनी टीम के साथ प्रभावित गांवों में पहुंचे और मरीजों की जांच कर सैंपल संग्रह किया। सभी सैंपलों की जांच के लिए रिम्स, रांची स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। डा. दुबे ने बताया कि सिकदारडीह में सात, कोरीडीह टू में पांच और बगरूडीह में सात मरीज चिह्नित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर लगातार निगरानी की जा रही है। सिकदारडीह निवासी परेश मंडल की हालत गंभीर होने पर उसे 108 एंबुलेंस के जरिए जामताड़ा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित परिवारों को अलग रहने और संक्रमण से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
साथ ही ग्रामीणों को साफ-सफाई रखने, पौष्टिक व मौसमी फल का सेवन करने तथा तेज धूप से बचने की हिदायत दी गई है। मौके पर एलटी विजय कुमार, एपीडब्लू महेश कुमार सिंह, सीएचओ कुलदीप कुमार समेत स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर सतत नजर बनाए हुए है और लोगों से किसी भी लक्षण के दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।