जामताड़ा में 'द हिडन टैलेंट' का जलवा, शाइस्ता का राम मंदिर और रमेश का ताजमहल बना आकर्षण का केंद्र
ज्ञान रेनू विद्या निकेतन, जामताड़ा में 'द हिडन टैलेंट ऑफ स्कूल' थीम पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित हुई। इसमें छात्रों ने देश ...और पढ़ें

जामताड़ा में द हिडन टैलेंट का जलवा
HighLights
ज्ञान रेनू विद्या निकेतन में सांस्कृतिक कार्यक्रम और विज्ञान प्रदर्शनी।
छात्रों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और सामाजिक नाटक प्रस्तुत किए।
राम मंदिर, ताजमहल और रेन वाटर हार्वेस्टिंग मॉडल मुख्य आकर्षण।
संवाद सहयोगी, जामताड़ा। शिक्षा, संस्कृति और नवाचार का अद्भुत संगम जामताड़ा के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान ज्ञान रेनू विद्या निकेतन विद्यालय में देखने को मिला, जहां द हिडन टैलेंट ऑफ स्कूल थीम पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया।
आयोजन ने न केवल अभिभावकों बल्कि पूरे शहर को गर्व से भर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के दीप प्रज्वलन से हुई। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी सजावट और उत्साह से सराबोर था।
बच्चों के चेहरे पर आत्मविश्वास और मंच पर प्रस्तुति की चमक साफ दिखाई दे रही थी। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, मनमोहक नृत्य और सामाजिक संदेश पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। देशभक्ति की धुन पर प्रस्तुत समूह नृत्य ने दर्शकों के भीतर राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत कर दी।
नाटक ने दर्शकों को सोचने पर मजबूर किया
वहीं सामाजिक कुरीतियों पर आधारित नाटक ने दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान तालियों की गूंज लगातार सुनाई देती रही। इस अवसर अधिवक्ता राकेश रंजन चौधरी, साइबर इंस्पेक्टर चंद्रमणि भारती, जामताड़ा टाउन थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो तथा महिला थाना प्रभारी सीमा कुमारी उपस्थित रहीं।
अतिथियों ने बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ-साथ आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया।
रेन वाटर हार्वेस्टिंग का मॉडल खास आकर्षण
बच्चों ने विज्ञान और तकनीक से जुड़ी कई उपयोगी और रचनात्मक मॉडल प्रस्तुत किए। खास आकर्षण का केंद्र रहा रेन वाटर हार्वेस्टिंग का मॉडल। विद्यालय के निदेशक श्यामल मंडल ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण पूरे देश के लिए एक बड़ी चुनौती है।
खबरें और भी
रेन वाटर हार्वेस्टिंग के माध्यम से बच्चों ने यह संदेश दिया कि यदि समय रहते पानी बचाने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले समय में गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।
राम मंदिर का मॉडल आकर्षण का केंद्र
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी से बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित होती है और समाज में जागरूकता का प्रसार होता है। प्रदर्शनी में भारत की सांस्कृतिक धरोहर भी सजीव हो उठी। छात्रा शाइस्ता परवीन द्वारा तैयार किया गया भव्य राम मंदिर का मॉडल आकर्षण का केंद्र बना रहा।
वहीं छात्र रमेश कुमार ने ताजमहल की सुंदर प्रतिकृति तैयार कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। इन माडलों ने भारतीय इतिहास, स्थापत्य कला और सांस्कृतिक विविधता की झलक प्रस्तुत की। यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम या प्रदर्शनी भर नहीं था, बल्कि यह बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को मंच देने और उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास कराने का प्रयास भी था।
विज्ञान, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता तीनों का अनोखा संगम इस कार्यक्रम में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। अभिभावकों ने भी विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी रचनात्मकता दिखाने का अवसर मिलता है।
कुल मिलाकर, ज्ञान रेनू विद्या निकेतन विद्यालय का यह आयोजन जामताड़ा के शैक्षणिक परिदृश्य में एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभरा है। इस कार्यक्रम ने यह सिद्ध कर दिया कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर बच्चों की प्रतिभा समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।