Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर पिकअप वैन से टक्कर, दो बाइक सवार युवकों की मौत; हाल ही में हुआ था निकाह

    Updated: Tue, 30 Jun 2026 06:35 PM (IST)

    Jamtara News: गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर नारायणपुर के कोरीडीह गांव के पास मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। ...और पढ़ें

    सड़क हादसे के विरोध में जाम के कारण गोविंदपुर-साहिबगंज रोड लगी वाहनों की कतार।(फोटो जागरण)

    सड़क हादसे के विरोध में जाम के कारण गोविंदपुर-साहिबगंज रोड लगी वाहनों की कतार।(फोटो जागरण)

    संवाद सहयोगी, नारायणपुर (जामताड़ा)। गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के कोरीडीह गांव के समीप मंगलवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

    मृतकों की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के बुटबेरिया निवासी इरशाद अंसारी (22) और अशरफ अंसारी (24) के रूप में हुई है। दोनों युवक अपाचे बाइक से जामताड़ा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोरीडीह के पास तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

    हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन कोरीडीह के ग्रामीणों ने पीछा कर पिकअप वैन को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और मृतकों के स्वजन के साथ मिलकर मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।

    सूचना मिलने पर बीडीओ कमलेश कुमार दास, सीओ देवराज गुप्ता और थाना प्रभारी मुराद हसन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

    हादसे से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अशरफ अंसारी की शादी करीब पांच माह पहले हुई थी, जबकि इरशाद अंसारी की शादी महज डेढ़ माह पूर्व हुई थी। दोनों की असमय मौत से गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    खबरें और भी

    पिकअप वैन पर लगाम लगाने की मांग

    स्थानीय लोगों का कहना है कि गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर मछली और सब्जी ढोने वाली तेज रफ्तार पिकअप वैन लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही हैं। ग्रामीणों ने इन्हें हत्यारी वाहन बताते हुए आरोप लगाया कि अधिकांश सड़क हादसे इन्हीं वाहनों की लापरवाही और तेज गति के कारण हो रहे हैं।

    लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों की नियमित जांच, गति नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

    घटनास्थल पर पहुंंचे मंत्री, आर्थिक मदद का दिया भरोसा

    वहीं घटना की जानकारी मिलते ही झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डा. इरफान अंसारी मौके पर पहुंचे और मृतकों के परिजनों तथा ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। मंत्री के हस्तक्षेप के बाद करीब साढ़े तीन घंटे से जारी सड़क जाम समाप्त हुआ और आवागमन सामान्य हो सका।

    मंत्री ने दुर्घटना पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार दुख की इस घड़ी में मृतकों के परिजनों के साथ खड़ी है।

    उन्होंने मौके पर ही मृतकों के स्वजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई और आश्वासन दिया कि सरकारी प्रावधानों के अनुसार मिलने वाली सभी सुविधाएं अविलंब के उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही बीमा (इंश्योरेंस) समेत अन्य देय लाभ भी दिलाने का भरोसा दिया।