यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 17, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand Assembly Election 2024: महागठबंधन को लेकर सीएम सोरेन का बड़ा बयान, कहा- BJP को झारखंड से...
झारखंड में दूसरे चरण की वोटिंग से पहले सीएम सोरेन ने जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन उम्मीदवार इरफान अंसारी के पक्ष में प्रचार किया। इस दौरान उ ...और पढ़ें

HighLights
- जामताड़ा विस क्षेत्र के दक्षिणबहाल फुटबॉल मैदान से सीएम सोरेन ने भरी हुंकार
- सत्ता हथियाने के लिए भाजपा अपना रही गलत हथकंडे
- भाजपा को जामताड़ा से ही नहीं झारखंड से बाहर निकाल फेंकेंगे
जागरण संवाददाता, जामताड़ा। झारखंड में दूसरे चरण के चुनाव प्रचार में अब बस कुछ घंटों का समय बचा है। सोमवार शाम 5 बजे से चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। प्रत्याशी सिर्फ डोर-टू -डोर कैंपेनिंग कर सकेंगे। इससे पहले सभी दलों के स्टार प्रचारक चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। रविवार को सीएम हेमंत सोरेन ने जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के दक्षिणबहाल फुटबॉल मैदान में महागठबंधन के कांग्रेस के प्रत्याशी इरफान अंसारी के पक्ष में की चुनावी सभा की। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
भाजपा लोगों को धर्म के नाम पर बांट रही
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि पिछले पांच साल से भाजपा को हमने सत्ता से दूर रखा। अब भाजपा वाले सत्ता हथियाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। समाज के बीच जहर बांटने का काम कर रहे हैं। लोगों को जाति-धर्म के नाम पर बांटने का काम कर रहे हैं।
हमने पहाड़ जैसा महागठबंधन बनाया

बीजेपी वाले फूट डालो और राज करो की नीति अपना रहे हैं, इसलिए भाजपा को जामताड़ा से ही नहीं झारखंड से बाहर खदेड़ देना है। इसके लिए हमने पहाड़ जैसा महागठबंधन बनाया। इसे तोड़ना संभव नहीं है। इस गठबंधन को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी आपकी है। यहां से महागठबंधन के कांग्रेस के प्रत्याशी इरफान अंसारी को जीता कर रांची भेजने का काम करें।
महिलाओं के सशक्तीकरण को कुछ नहीं किया
सीएम ने कहा कि राज्य में लगभग 20 वर्षों तक भाजपा वालों ने शासन किया। उनसे पूछिए महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए उन्होंने क्या काम किया। आदिवासियों के ऊपर हो रहे अत्याचार को खत्म करने के लिए क्या किया। जब हमारे कार्यकाल में काम दिखने लगा तो सरकार गिराने की साजिश रची। मुझे जेल भेज दिया। जेल भेजकर भी सरकार व महागठबंधन को नहीं तोड़ पाई।
खबरें और भी
सीएम सोरेन ने कहा कि पहले कुछ लोगों को पेंशन मिलती थी। अब 50 वर्ष के सभी लोगों को पेंशन मिल रही है। गठबंधन सरकार ने सभी महिलाओं को सम्मान देने का काम किया है। पहले विधवा पेंशन नहीं मिलती थी अब सभी विधवा महिलाओं को पेंशन मिल रही है। दलाल का चक्कर खत्म कर दिया। सरकार व अधिकारी घर- घर जाकर लोगों की समस्याओं को समधान कर रह हैं।
हमने पुरानी पेंशन लागू की
हमने बूढ़ों को बुढापे की लाठी दी, जबकि केंद्र ने उसे रोकने का काम किया है। आज झारखंड में पुरानी पेंशन योजना लागू कर दी गई है। गरीबों के कंधे से बोझ उतारने का काम हमने किया है। बिजली माफ, किसानों का दो लाख का कर्ज माफ किया।
गठबंधन की सरकार बनी तो अगले पांच साल में हर परिवार के खाते में एक लाख रुपये भेजने का काम करेंगे। दिसंबर से मंइयां सम्मान योजना की राशि ढाई हजार करेंगे। इसके लिए महागठबंधन को मजबूत करें। इस अवसर पर अरफान अंसारी, झामुमो नेता प्रो कैलाश साव, दिनेश यादव, अशोक मंडल सभी प्रखंडों के अध्यक्ष आदि शामिल हुए।