विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 16, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Mallikarjun Kharge: 'डरेंगे तो मरेंगे', खरगे ने झारखंड में BJP के नारे का दिया जवाब; बोले- योगी जी कहते हैं...

Published: Sat, 16 Nov 2024 07:58 PM (IST)

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बटेंगे तो कटेंगे नारे का जवाब ...और पढ़ें

खरगे ने भाजपा पर बोला हमला। फोटो- सोशल मीडिया
खरगे ने भाजपा पर बोला हमला। फोटो- सोशल मीडिया

HighLights

  1. जामताड़ा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने-कटेंगे तो बंटेंगे, के जवाब में दिया नया नारा
  2. मल्लिकार्जुन खरगे बोले- भाजपा लोगों को बांट रही है, 10 वर्षों में देश को बर्बाद कर दिया

जागरण संवाददाता, जामताड़ा। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नारे-बटेंगे तो कटेंगे, के जवाब में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने-डरेंगे तो मरेंगे, एक होकर देश को बचाएंगे, का नया नारा दिया है।

उन्होंने शनिवार को जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी इरफान अंसारी के समर्थन में करमाटांड के ईदगाह मैदान में कांग्रेस की चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा-भाजपा के बड़े नेता झारखंड में आकर नारेबाजी करने में लगे हैं।

खरगे ने कहा कि यूपी के सीएम योगी जी कहते हैं-बंटेंगे तो कटेंगे। पीएम मोदीजी ने नया जुमला लाया। वे कहते हैं- एक बनो नेक बनो, लेकिन हम कहते हैं-डरेंगे तो मरेंगे। इसलिए एक होकर देश को बचाएं।

भाजपा लोगों को बांट रही है- खरगे

उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों को बांट रही है। भाजपा के बड़े नेता कहते हैं कि 70 साल में कांग्रेस ने देश को बर्बाद कर दिया। यह गलत है। सही यह है कि भाजपा ने 10 वर्षों में देश को बर्बाद किया है। हमने संविधान बनाया। राजीव गांधी ने युवाओं को वोट देने का अधिकार दिया।

खरगे ने कहा कि भाजपा वालों से पूछिए 70 साल पहले महिलाओं को वोटिंग का अधिकार था या नहीं था। कांग्रेस ने देश को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा दी। भाजपा वाले भी कांग्रेस के बनाए गए स्कूल में पढ़े हैं और आज बोल रहे हैं कि देश को बर्बाद कर दिया। हमने ही कुर्सी दी तब मोदीजी आज बैठे हैं।

खरगे ने पूछा कि नोटबंदी से आमलोगों को क्या मिला? क्या किसानों की आय दोगुनी हुई? भाजपा वाले संविधान बिगाड़ रहे हैं। इस लिए संविधान बचाकर देश को बचाओ। संविधान नहीं बचेगा तो आप अधिकार से वंचित हो जाओगे।

चुनाव के समय आसमान में गिद्ध मंडराने लगे- खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड में चुनाव के समय आसमान में गिद्ध मंडराने लगे हैं। दूसरे प्रदेश के नेता यहां पांव जाम चुके हैं। वे झूठ बोलकर लोगों को बरगलाएंगे और आदिवासियों को बांटेंगे। वे यहां आते हैं और ओबीसी, एससी-एसटी के हित की बातें करते हैं पर उन्होंने इनका आरक्षण कम किया।

खरगे ने कहा कि यह धरती आदिवासी वीरों की है। उन्होंने लड़कर अपना अधिकार लिया है। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो, कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, इरफान अंसारी, राजेश ठाकुर, फुरकान अंसारी आदि थे।

यह भी पढ़ें-

Pappu Yadav Interview: शुरू से BJP के साथ मिले थे चंपई, पप्पू यादव ने किया चौंकाने वाला खुलासा; पूछा- कितने पैसे मिले?

चुनाव आयोग सख्त, भाजपा और कांग्रेस अध्यक्ष को लिखा पत्र; आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत पर मांगा जवाब

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।