विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में तजना नदी के किनारे मिला महिला और युवक का शव, धारदार हथियार से की गई हत्या; कल होनी थी बहन की शादी

Published: Fri, 10 Jul 2026 10:33 AM (IST)

खूंटी के घाघरा गांव में तजना नदी किनारे एक महिला और युवक के शव मिले हैं, जिनकी धारदार हथियार से हत्या की गई है।

घटनास्थल की जांच करती पुलिस

घटनास्थल की जांच करती पुलिस

HighLights

  1. खूंटी में तजना नदी किनारे मिले दो शव।

  2. धारदार हथियार से की गई थी निर्मम हत्या।

  3. बहन की शादी के लिए जा रही थी मृतका।

जागरण संवाददाता, खूंटी। खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा गांव स्थित तजना नदी के किनारे शुक्रवार सुबह एक महिला और एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। 

मृतका की पहचान लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़गई निवासी नेहा कुमारी के रूप में हुई है, जबकि मृत युवक की पहचान उसके पड़ोसी अरुण कुमार राणा के रूप में हुई है।

धारदार हथियार से हत्या

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों की धारदार हथियार से हत्या की गई है। आशंका है कि हत्या पुल के ऊपर हत्या करने के बाद शवों को छिपाने की नीयत से पुल के नीचे तजना नदी किनारे फेंक दिया गया।

WhatsApp Image 2026-07-10 at 10.28.42 AM

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, सोयको थाना प्रभारी पी.आर. पांडेय सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है। पुलिस आसपास के साक्ष्य जुटाने के साथ मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

शनिवार को होनी थी बहन की शादी

जानकारी के अनुसार, नेहा कुमारी की बहन की शादी शनिवार को होनी थी। शादी समारोह में शामिल होने के लिए नेहा अपने बच्चों को ससुराल से लाने के लिए पड़ोसी अरुण कुमार राणा के साथ अपने ससुराल, करंज थाना क्षेत्र के डोरिया गांव, जा रही थी। इसी दौरान दोनों रास्ते में लापता हो गए।  परिजनों ने संबंधित थाने में उनकी गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई थी।

WhatsApp Image 2026-07-10 at 10.28.58 AM

घटनास्थल से शादी का निमंत्रण कार्ड मिलने के बाद पुलिस ने उसकी मदद से मृतकों की पहचान की और परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद परिजन खूंटी के लिए रवाना हो गए हैं। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और आरोपियों की पहचान के लिए जांच में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें- झारखंड में गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ाने से महिला की मौत, प्रशासन ने बिरसा अस्पताल सील कर जांच की शुरू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।