विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खूंटी में पेट्रोल पंप पर फायरिंग, PLFI के नाम पर्चा; 10 लाख नहीं दिए तो अंजाम भुगतने की धमकी

Published: Fri, 11 Sep 2026 11:57 AM (GMT+05:30)

खूंटी के भगत सिंह चौक स्थित एक पेट्रोल पंप पर बुधवार रात दो नकाबपोशों ने फायरिंग कर पीएलएफआई के नाम ...और पढ़ें

खूंटी पेट्रोल पंप पर दो नकाबपोशों ने की फायरिंग। जागरण

खूंटी पेट्रोल पंप पर दो नकाबपोशों ने की फायरिंग। जागरण

HighLights

  1. खूंटी पेट्रोल पंप पर दो नकाबपोशों ने की फायरिंग।

  2. पीएलएफआई के नाम पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी।

संवाद सहयोगी, खूंटी। शहर के व्यस्त भगत सिंह चौक स्थित एक पेट्रोल पंप पर बुधवार रात हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने पेट्रोल पंप के कार्यालय की ओर गोली चलाने के बाद कथित रूप से प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के नाम का पर्चा फेंका और तोरपा रोड की ओर फरार हो गए।

पर्चे में पेट्रोल पंप संचालक अमित साहू से दो दिनों के भीतर संगठन के लिए सहयोग राशि के रूप में 10 लाख रुपये जमा करने का फरमान जारी किया गया है। रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। घटना रात करीब 9.30 बजे की बताई जा रही है। उस समय पेट्रोल पंप संचालक अमित साहू पंप पर मौजूद नहीं थे।

इसी दौरान चेहरे पर कपड़ा बांधे दो युवक बाइक से पेट्रोल पंप पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने नीचे उतरकर पेट्रोल पंप के कार्यालय की ओर गोली चलाई और पर्चा फेंकने के बाद बाइक से फरार हो गया। फायरिंग की आवाज सुनते ही पंप पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा और सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा और कथित पीएलएफआइ का पर्चा बरामद किया।

पुलिस ने पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच की। फुटेज में दो युवक बाइक से भगत सिंह चौक की ओर से पेट्रोल पंप पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद एक युवक के पेट्रोल पंप की ओर फायरिंग करने की घटना भी कैमरे में कैद हुई है।

पंप संचालक अमित साहू ने पुलिस को बताया कि उन्हें पहले भी दो-तीन बार धमकी मिल चुकी है। उन्होंने कुछ वर्ष पूर्व परवल स्थित अपने पैतृक आवास पर हमला किए जाने की बात भी पुलिस को बताई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा ने पेट्रोल पंप पर एक गोली चलाए जाने की पुष्टि की है। काफी दिनों बाद शहर में हुई इस तरह की घटना से व्यवसायियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। 

यह भी पढ़ें- दिल्ली के कड़कड़डूमा कम्युनिटी सेंटर के पास ताबड़तोड़ फायरिंग, गोली लगने से दो युवक घायल