कोडरमा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, SP आवास के पीछे से 20 लाख की अवैध लकड़ी जब्त; दो तस्कर गिरफ्तार
वन विभाग ने कोडरमा में एसपी आवास के पीछे से 15-20 लाख रुपये की अवैध लकड़ियां जब्त की हैं। इस कार्रवाई में सूरज साव और केवल साव नामक दो कथित लकड़ी तस्क ...और पढ़ें

20 लाख की अवैध लकड़ी जब्त
HighLights
कोडरमा में 15-20 लाख की अवैध लकड़ी जब्त।
वन विभाग ने दो लकड़ी तस्करों को गिरफ्तार किया।
शीशम, सागवान सहित कई महंगी लकड़ियां बरामद।
संवाद सहयोगी, कोडरमा। वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोडरमा शहर के सुजानपुर गांव स्थित एसपी आवास के पीछे एक मकान से भारी मात्रा में अवैध लकड़ियां बरामद की हैं। छापेमारी के दौरान विभाग ने दो कथित लकड़ी तस्करों सूरज साव और केवल साव को गिरफ्तार किया है।
वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) सौमित्र शुक्ला ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त मकान में अवैध रूप से लकड़ियों का भंडारण किया गया है।
गोदाम से भारी मात्रा में लकड़ी का चिरान पटरा बरामद
सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में वन विभाग की विशेष टीम गठित की गई तथा एसपी से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग कर संयुक्त रूप से छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान मकान के निचले हिस्से में बने गोदाम से भारी मात्रा में लकड़ी का चिरान पटरा बरामद किया गया। जब्त लकड़ियों में शीशम, सागवान, सखुआ, गमहार और अकेशिया सहित कई महंगी प्रजातियों की लकड़ियां शामिल हैं।
डीएफओ ने बताया कि करीब 13 ट्रैक्टर लकड़ियां जब्त की गई हैं। बरामद लकड़ियों की सटीक कीमत जब्ती सूची तैयार होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी, हालांकि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इसकी कीमत 15 से 20 लाख रुपये तक हो सकती है।
वन विभाग फिलहाल गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है। विभाग ने संकेत दिया है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।