कोडरमा नेहा राज हत्याकांड का खुलासा: अवैध संबंध और प्रतिशोध में चाकू से रेता था गला, पति व चाची-चाचा गिरफ्तार
कोडरमा पुलिस ने 14 मई को हुई नेहा राज हत्याकांड का खुलासा किया है। अवैध संबंध और पारिवारिक विवाद के कारण पति, फुफेरे चाचा और चाची को गिरफ्तार किया गया ...और पढ़ें

मृतका नेहा राज का फाइल फोटो।
HighLights
नेहा राज हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा।
पति, चाचा-चाची सहित तीन आरोपी गिरफ्तार।
संवाद सहयोगी, कोडरमा। झारखंड में कोडरमा थाना क्षेत्र के मिटको कॉलोनी में बीती 14 मई को हुई नेहा राज की सनसनीखेज हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस वारदात को अवैध संबंध और पारिवारिक विवाद के कारण अंजाम दिया गया था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति शंभू राणा, उसके फुफेरे चाचा रोहित राणा और फुफेरी चाची देवंती देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शनिवार शाम को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक (SP) कुमार शिवाशीष ने जानकारी दी।
व्हाट्सएप चैट से खुला था राज, चाचा ने बनाया बदला लेने का प्लान
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि करीब छह महीने पहले नेहा राज को अपने पति शंभू राणा और उसकी फुफेरी चाची देवंती देवी के बीच अवैध संबंधों की भनक लगी थी। नेहा ने पति के मोबाइल से व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट लेकर फुफेरे चाचा रोहित राणा को भेज दिए थे।
इस खुलासे के बाद परिवार में भारी तनाव पैदा हो गया। देवंती का पति रोहित इस बात से बेहद आक्रोशित था और उसने बदला लेने की ठान ली।
दुपट्टे से घोंटा गला, फिर चाकू से रेती गर्दन
तय साजिश के तहत 14 मई को जब शंभू राणा घर पर नहीं था, तब रोहित और देवंती उसके घर पहुंचे। दोनों ने मिलकर नेहा राज पर जानलेवा हमला कर दिया।
पहले दुपट्टे से उसका गला दबाकर मार डालने की कोशिश की गई, लेकिन जब नेहा की सांसें चलती रहीं, तो आरोपियों ने चाकू से बेरहमी से उसका गला रेत दिया और फरार हो गए।
CCTV फुटेज और डॉग स्क्वायड की मदद से दबोचे गए आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू की थी। शुरुआत में कोई पुख्ता सुराग नहीं मिल रहा था, लेकिन घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालने पर दोनों आरोपियों की संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं।
इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने कोडरमा के सलैया इलाके में छापेमारी कर दोनों को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और खून से सना चाकू भी बरामद कर लिया है।
क्रॉस केस में पति भी गया जेल
इससे पहले देवंती देवी ने भी शंभू राणा पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था, जिसके तहत शंभू को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। एसपी ने बताया कि मामले के अन्य पहलुओं की जांच के लिए आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।