कोडरमा में शराब तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 360 से अधिक बोतल अंग्रेदी शराब जब्त, तीन गिरफ्तार
पुलिस ने कोडरमा के सतगावां में घोड़सीमर चेकपोस्ट पर 360 से अधिक अवैध शराब की बोतलें जब्त कीं और बिहार के तीन युवकों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई अवैध ...और पढ़ें

घोड़सीमर चेकपोस्ट पर 360 से अधिक बोतलें जब्त। एआई जेनरेटेड इमेज
HighLights
घोड़सीमर चेकपोस्ट पर 360 से अधिक बोतलें जब्त।
सतगावां मार्ग अवैध शराब तस्करी का सुरक्षित रास्ता।
संवाद सूत्र, सतगावां (कोडरमा)। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सतगावां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त की है।
घोडसीमर चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने दो मोटरसाइकिल और एक बोलेरो से कुल 360 बोतल अवैध शराब बरामद की। इस दौरान नवादा (बिहार) के तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि बोलेरो चालक अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल एवं बोलेरो से सतगावां के रास्ते गोविंदपुर होते हुए बिहार अवैध शराब की खेप भेजी जा रही है। इस आधार पर घोडसीमर चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
इसी दौरान दो मोटरसाइकिल तेज गति से पहुंचीं। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर चालक भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर दोनों वाहन सवारों को पकड़ लिया गया। तलाशी में मोटरसाइकिलों से अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार युवकों ने पूछताछ में पहचान अजीत कुमार (19) व साजन कुमार (19) दोनों ग्राम कमालपुर, थाना गोविंदपुर, जिला नवादा तथा बिहारी ठाकुर (19), पिता सिद्धी ठाकुर, ग्राम देबिंदपुरा, थाना कादिरगंज, जिला नवादा (बिहार) के रूप में बताई।
इसी दौरान बासोडीह बाजार की ओर से आ रही सफेद बोलेरो (आरजे-02पीए-5136) पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने लगी। पुलिस ने पीछा किया तो चालक वाहन को सतगावां थाना के समीप बैद्यडीह पेट्रोल पंप के पीछे छोड़कर फरार हो गया। बोलेरो की तलाशी में बड़ी मात्रा में बीयर एवं अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक बोलेरो, दो मोटरसाइकिल तथा रायल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड, स्टर्लिंग रिजर्व, मैजिक मोमेंट्स और किंगफिशर ब्रांड की कुल 360 बोतल शराब जब्त की। मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
खबरें और भी
छापेमारी दल में थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह, एसआई मो. इसराफिल, आरक्षी द्वारिका यादव, मुकेश कुमार सिंह, शाहबाज अहमद सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
कोयला व शराब तस्करी के लिए सुरक्षित जोन है सतगावां: ग्रामीण
घोडसीमर चेकपोस्ट पर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद होने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस से नियमित वाहन जांच अभियान चलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सतगावां का रास्ता लंबे समय से बिहार में अवैध अंग्रेजी शराब एवं कोयले की तस्करी के लिए सुरक्षित मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।
उनका आरोप है कि प्रतिदिन सुबह करीब आठ से नौ बजे के बीच कबाड़ी, सब्जी, चावल, केला, अंडा और जनरेटर ढोने वाले वाहनों की आड़ में अवैध शराब की खेप बिहार भेजी जाती है। इस दौरान मार्ग पर पुलिस जांच नहीं होने से तस्करों को सुविधा मिल जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस समय नियमित जांच अभियान चलाया जाए तो पुलिस को प्रतिदिन बड़ी सफलता मिल सकती है। लोगों ने अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संवेदनशील मार्गों पर लगातार निगरानी और सघन चेकिंग की मांग की है।