रेलवे ट्रैक से औरंगाबाद की शिक्षिका का शव बरामद, कोडरमा में पेड़ की टहनी टूटने से गयाजी के गैंगमैन की मौत
कोडरमा में रेल हादसों की दो दर्दनाक घटनाएं सामने आईं, जिसमें एक युवती का शव रेलवे ट्रैक से मिला और एक गैंगमैन की पेड़ की टहनी गिरने से मौत हो गई। मृतक ...और पढ़ें

दाउदनगर के प्राइवेट स्कूल की शिक्षिका का शव रेलवे लाइन से बरामद।
HighLights
कोडरमा में रेल ट्रैक पर दो अलग-अलग दर्दनाक हादसे हुए।
औरंगाबाद की शिक्षिका नेहा कुमारी का शव ट्रैक पर मिला।
टनकुप्पा स्टेशन पर गैंगमैन चंद्रिका की पेड़ गिरने से मौत हुई।
संवाद सूत्र, कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले में रेल हादसों से जुड़ी दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना में टिलेया थाना क्षेत्र के तीनबाटाल के समीप रेलवे ट्रैक से एक युवती का शव बरामद किया गया है, जिसकी पहचान बिहार के औरंगाबाद निवासी 22 वर्षीय शिक्षिका नेहा कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, दूसरी घटना में टनकुप्पा स्टेशन के पास पेड़ की टहनी गिरने से एक गैंगमैन की दबकर मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोडरमा रेलवे स्टेशन के ट्रैकमैन धनबाद-गया रेल खंड के अप और डाउन लाइन का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान अप लाइन के पोल संख्या 394/27 के पास एक युवती का शव देखा गया।
सूचना मिलने पर आरपीएफ मौके पर पहुंची और मृतका के पास मिले बैग की तलाशी ली। बैग में मिले आधार कार्ड और कॉलेज के सर्टिफिकेट के आधार पर उसकी पहचान नेहा कुमारी के रूप में की गई।
परिजनों ने बताया कि नेहा दाउदनगर के डिवाइन स्ट्रीम मिशन स्कूल में शिक्षिका थी। वह शुक्रवार को स्कूल से बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने निकली थी लेकिन घर नहीं लौटी, जिसके बाद स्थानीय थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। आरपीएफ का अनुमान है कि ट्रेन से गिरने से उसकी जान गई है।
पेड़ की टहनी की चपेट में आने से गयाजी के गैंगमैन की मौत
दूसरी घटना कोडरमा-गया रेल खंड के टनकुप्पा स्टेशन की है। सुबह के वक्त गैंगमैन चंद्रिका (56 वर्ष) लूप लाइन की ओर गश्त पर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक वहां एक पेड़ की भारी टहनी टूटकर उनके ऊपर गिर गई, जिससे दबकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक गयाजी (बिहार) के टंककुप्पा स्थित बमणिमा गांव के रहने वाले थे। रेलवे प्रशासन दोनों मामलों की जांच में जुट गया है।