Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अजमेर-सियालदह और प्रताप एक्सप्रेस में जुड़ेंगे अतिरिक्त कोच, धनबाद-दिल्ली के लिए नई ट्रेन का प्रस्ताव

    Updated: Wed, 01 Jul 2026 06:12 PM (IST)

    रेलवे ने जुलाई में अजमेर-सियालदह और प्रताप एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है, जिससे कोडरमा रूट के यात्रियों को राहत मिलेगी। इसके साथ ...और पढ़ें

    कोडरमा होकर चलने वाली दो ट्रेनों में जुलाई भर लगेंगे अतिरिक्त कोच।

    कोडरमा होकर चलने वाली दो ट्रेनों में जुलाई भर लगेंगे अतिरिक्त कोच।

    HighLights

    1. अजमेर-सियालदह और प्रताप एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच लगेंगे।

    2. धनबाद-दिल्ली नियमित ट्रेन के लिए प्रस्ताव भेजा गया।

    3. गरीब रथ एक्सप्रेस से 148 लीटर अवैध शराब जब्त।

    संवाद सूत्र, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। रेल यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कोडरमा होकर गुजरने वाली दो महत्वपूर्ण ट्रेनों में जुलाई में अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। इससे विशेष रूप से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

    रेलवे के अनुसार, अजमेर–सियालदह एक्सप्रेस में 1 जुलाई से 1 अगस्त तक अतिरिक्त फर्स्ट एसी कोच जोड़ा जाएगा। इस व्यवस्था से फर्स्ट एसी श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध होंगी तथा प्रतीक्षा सूची कम होने की संभावना है।

    इसी प्रकार बीकानेर–कोलकाता–बीकानेर प्रताप एक्सप्रेस में भी दोनों दिशाओं में एक अतिरिक्त थर्ड एसी तथा एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाया जाएगा। इससे एसी और स्लीपर श्रेणी के यात्रियों को अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध होगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी। रेलवे के इस निर्णय का लाभ कोडरमा, झुमरीतिलैया सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को मिलेगा।

    धनबाद से दिल्ली के लिए नियमित ट्रेन की मांग, मुख्यालय को भेजा प्रस्ताव

    कोडरमा जंक्शन के रास्ते धनबाद से दिल्ली के लिए नियमित रेल सेवा शुरू करने की वर्षों पुरानी मांग फिर जोर पकड़ने लगी है। धनबाद रेल मंडल ने इस संबंध में मुख्यालय को प्रस्ताव भेजते हुए नियमित ट्रेन परिचालन की अनुशंसा की है।

    खबरें और भी

    प्रस्ताव का आधार दिल्ली जाने वाली स्पेशल ट्रेनों में लगातार हो रही भारी बुकिंग और यात्रियों की बढ़ती संख्या को बनाया गया है। धनबाद से कोडरमा होकर दिल्ली के लिए नियमित ट्रेन चलाने की मांग तीन दशक से अधिक समय से उठती रही है।

    माल ढुलाई से रेलवे को सर्वाधिक राजस्व देने वाले धनबाद मंडल से अब तक दिल्ली के लिए कोई नियमित ट्रेन शुरू नहीं हो सकी है। उपभोक्ता सलाहकार समिति समेत विभिन्न मंचों पर भी यह मांग लगातार उठाई जाती रही है।

    रेलवे सूत्रों के अनुसार, वर्तमान में तीन स्पेशल ट्रेनों के माध्यम से सप्ताह में छह दिन दिल्ली के लिए सेवा उपलब्ध है, लेकिन सभी ट्रेनों में टिकटों की भारी मांग के कारण यात्रियों को लंबी प्रतीक्षा सूची का सामना करना पड़ रहा है।

    राजधानी, दूरंतो, पूर्वा एक्सप्रेस, नेताजी एक्सप्रेस, बंगाल संपर्क क्रांति, जालियांवाला बाग, बीकानेर सुपरफास्ट तथा अमृत भारत एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में भी वर्षभर वेटिंग रहती है। इधर, 8 जुलाई को धनबाद रेल मंडल में पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह सांसदों के साथ बैठक कर कोडरमा होकर चलने वाली ट्रेनों के विस्तार एवं रेल परियोजनाओं पर चर्चा करेंगे।

    gareebrath liqour

    गरीब रथ एक्सप्रेस से 148 लीटर अवैध देसी शराब बरामद

    हुसैनाबाद (पलामू)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) जपला ने ऑपरेशन सतर्क के तहत कार्रवाई करते हुए रांची-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस से 148 लीटर झारखंड निर्मित अवैध देसी शराब बरामद की है। बरामद शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, डाल्टनगंज के हवाले कर दिया गया।

    आरपीएफ के अनुसार बुधवार को प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर पहुंची रांची-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस के कोच संख्या G-6 के गेट के समीप पांच लावारिस प्लास्टिक के बोरे मिले। मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, किसी ने भी बोरों पर अपना दावा नहीं किया।

    तलाशी लेने पर उनमें 645 प्लास्टिक की बोतलों में भरी झारखंड निर्मित देसी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 148 लीटर तथा अनुमानित कीमत करीब 29 हजार रुपये बताई गई है। आरपीएफ ने मौके पर जब्ती सूची तैयार कर शराब जब्त कर ली और आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सौंप दिया।