इंसानियत शर्मसार! कोडरमा में पाम ऑयल का टैंकर पलटा, घायल ड्राइवर को बचाने के बजाय तेल लूटती रही जनता
कोडरमा घाटी में पाम ऑयल से भरा एक टैंकर पलटने के बाद भीड़ ने घायल चालक की मदद करने के ...और पढ़ें
HighLights
कोडरमा घाटी में पाम ऑयल टैंकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
घायल चालक की मदद के बजाय भीड़ ने तेल लूटा।
पुलिस ने पहुंचकर चालक को बचाया, भीड़ को हटाया।
संवाद सहयोगी, कोडरमा। कोडरमा घाटी के काली मंडा के समीप शनिवार को पाम ऑयल से भरा टैंकर पलटने के बाद मानवीय संवेदनहीनता की तस्वीर सामने आई। टैंकर के दुर्घटनाग्रस्त होते ही स्थानीय लोग घायल चालक की मदद करने के बजाय तेल लूटने में जुट गए।
करीब एक घंटे तक टैंकर से तेल लूटने का सिलसिला चलता रहा। जिसे जो बर्तन मिला, उसे लेकर लोग मौके पर पहुंचते रहे और टैंकर से तेल भरकर ले जाते रहे। तेल लूटने वालों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग तक शामिल थे।
भीड़ तेल लूटने में इस कदर मशगूल रही कि किसी ने यह जानने की कोशिश तक नहीं की कि दुर्घटना में चालक की स्थिति कैसी है। बताया जाता है कि चालक टैंकर के अंदर फंसा रहा और काफी देर तक मदद का इंतजार करता रहा।

बाद में किसी स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तेल लूट रहे लोगों को खदेड़कर वहां से हटाया।
-1788585703886.webp)
इसके बाद टैंकर में फंसे मामूली रूप से घायल चालक को बाहर निकालकर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। क्रेन की मदद से पलटे टैंकर को भी सीधा कराया गया।
जानकारी के अनुसार पाम ऑयल से भरा टैंकर हरदिया (रजौली, नवादा) की ओर जा रहा था। इसी दौरान काली मंडा के समीप किसी वाहन से पास लेने के क्रम में चालक का नियंत्रण टैंकर से हट गया और वह अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर मची तेल लूट की घटना ने दुर्घटना से ज्यादा लोगों की संवेदनहीनता को चर्चा में ला दिया।
