Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कोडरमा में संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में चढ़ते ही लाखों के जेवर चोरी, सीसीटीवी में दिखीं संदिग्ध महिलाएं

    Updated: Sun, 19 Jul 2026 07:50 PM (GMT+05:30)

    कोडरमा जंक्शन पर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सवार होते समय एक परिवार के लाखों के जेवर चोरी हो गए, जिसमें तीन महिलाएं और एक किशोरी सीसीटीवी में कैद हु ...और पढ़ें

    कोडरमा स्टेशन पर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में चढ़ते समय लाखों के जेवर चोरी।

    कोडरमा स्टेशन पर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में चढ़ते समय लाखों के जेवर चोरी।

    HighLights

    1. कोडरमा में संपर्क क्रांति से लाखों के जेवर चोरी।

    2. सीसीटीवी में संदिग्ध महिलाएं और किशोरी कैद हुईं।

    3. रेलवे ट्रैक पार करते व्यक्ति की ट्रेन से मौत।

    संवाद सूत्र, कोडरमा। कोडरमा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सवार होने के दौरान एक परिवार लाखों रुपये के जेवर चोरी का शिकार हो गया। भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर तीन अज्ञात महिलाओं और एक किशोरी ने परिवार की बहू के साइड पर्स से करीब 4 से 5 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने उड़ा लिए।

    घटना के बाद जीआरपी ने जांच शुरू कर दी है। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में संदिग्ध महिलाएं कैद हुई हैं। रायडीह निवासी सुरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि शनिवार रात वह अपने परिवार के साथ बोकारो जाने के लिए कोडरमा स्टेशन से संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सवार हो रहे थे।

    इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के एक गिरोह ने उनकी बहू के पर्स की चेन खोल दी और उसमें रखे चार पायल, ढोलना, मंगलसूत्र समेत अन्य सोने के जेवर चोरी कर लिए। ट्रेन के स्लीपर कोच में अपनी सीट पर पहुंचने के बाद बहू ने देखा कि पर्स खुला हुआ है।

    सामान की जांच करने पर जेवर गायब मिले। चोरी का पता चलते ही सुरेंद्र कुमार वर्मा हजारीबाग रोड स्टेशन पर उतर गए। उन्होंने अपनी बहू और अन्य परिजनों को बोकारो के लिए रवाना किया और स्वयं रात में ही वापस कोडरमा लौटकर जीआरपी थाना में शिकायत दर्ज कराई।

    रविवार सुबह जीआरपी ने स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज में तीन महिलाएं और एक किशोरी परिवार के पीछे-पीछे ट्रेन के कोच तक जाती दिखाई दीं। जांच में यह भी सामने आया कि चारों ट्रेन में सवार नहीं हुईं, बल्कि भीड़ का फायदा उठाकर वापस स्टेशन परिसर में लौट गईं।

    जीआरपी ने संदिग्ध महिलाओं की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। साथ ही यात्रियों से भीड़-भाड़ के दौरान अपने सामान और कीमती वस्तुओं की विशेष निगरानी रखने की अपील की गई है।

    खबरें और भी

    रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत

    धनबाद-गया रेलखंड पर कंद्रपडीह गांव के समीप रविवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब आठ बजे पोल संख्या 386/22 के पास हुआ। मृतक की पहचान कंद्रपडीह निवासी शिबू जायसवाल के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, शिबू जायसवाल रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे।

    इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनका शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।सुबह ट्रैक की ओर गए ग्रामीणों ने शव देखकर इसकी सूचना जयनगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकास कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

    पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की अग्रेतर कार्रवाई में जुटी हुई है।