Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कोडरमा होकर चलने वाली वंदे भारत-दुरंतो में नहीं मिल रही सीट, दिल्ली रूट की ट्रेनें भी फुल

    Updated: Mon, 11 May 2026 02:08 PM (IST)

    गर्मी की छुट्टियों और शादी के मौसम के कारण ट्रेनों में भारी भीड़ है, जिससे कोडरमा से गुजरने वाली अधिकांश लंबी दूरी की ट्रेनों में अगले दो महीने तक सीट ...और पढ़ें

    एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

    एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

    HighLights

    1. गर्मी की छुट्टी और शादी के कारण ट्रेनों में भारी भीड़।

    2. कोडरमा से चलने वाली ट्रेनों में अगले दो माह तक सीटें फुल।

    3. यात्रियों के लिए तत्काल टिकट ही एकमात्र विकल्प बचा है।

    संवाद सहयोगी, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। गर्मी की छुट्टियों एवं शादी-विवाह के मौसम को लेकर इन दिनों ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

    कोडरमा होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की अधिकांश ट्रेनों में अगले दो माह तक सीटों की स्थिति फुल हो चुकी है। ऐसे में यात्रियों के लिए तत्काल टिकट ही एकमात्र सहारा बचा है। रेलवे आरक्षण केंद्रों एवं ऑनलाइन बुकिंग में सीट पाने को लेकर यात्रियों के बीच होड़ मची हुई है।

    जिले के निजी एवं सरकारी विद्यालयों में 15 मई के बाद गर्मी की छुट्टियां शुरू होने वाली हैं। वहीं, 22 मई से सरकारी स्कूल भी बंद हो जाएंगे। छुट्टियों को देखते हुए लोगों ने पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों की यात्रा की योजना बना ली है।

    दुरंतो-वंदेभारत में भारी भीड़

    दूसरी ओर जुलाई तक वैवाहिक लग्न जारी रहने के कारण भी ट्रेनों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है। कोडरमा होकर चलने वाली मेल, एक्सप्रेस, राजधानी, दुरंतो एवं वंदे भारत ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है।

    सुबह आठ बजे जैसे ही अगले 60 दिनों की बुकिंग लाइन खुलती है, कुछ ही समय में सीटें भर जा रही हैं। खासकर गुजरात, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, महाराष्ट्र एवं दक्षिण भारत जाने वाली ट्रेनों में सीट पाना यात्रियों के लिए मुश्किल हो गया है।

    खबरें और भी

    अहमदाबाद-जम्मूतवी जाने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा मारामारी

    रेलवे सूत्रों के अनुसार, अहमदाबाद, अमृतसर एवं जम्मूतवी जाने वाली ट्रेनों में सबसे अधिक मारामारी है। हावड़ा-बीकानेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, आसनसोल-भावनगर पारसनाथ एक्सप्रेस एवं कोलकाता-गांधीधाम गरबा एक्सप्रेस में अधिकांश दिनों तक नो रूम की स्थिति बनी हुई है।

    गांधीधाम एक्सप्रेस में 9 जून तक सीट उपलब्ध नहीं है, जबकि कोलकाता-अमृतसर दुर्गियाना एक्सप्रेस में 4 जुलाई तक बुकिंग फुल है। इसी प्रकार कोलकाता-जम्मूतवी एवं सियालदह-जम्मूतवी हमसफर एक्सप्रेस में जून माह तक सीटें उपलब्ध नहीं हैं।

    दिल्ली रूट पर भी बढ़ी परेशानी

    दिल्ली रूट की ट्रेनों में भी यात्रियों की परेशानी बढ़ी हुई है। कालका मेल में 6 जुलाई तक सभी श्रेणियों की सीटें बुक हो चुकी हैं।

    वहीं, हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस एवं जलियांवाला बाग एक्सप्रेस में भी जुलाई तक सीट मिलना कठिन हो गया है। ऐसे में यात्रियों की निगाहें अब रेलवे द्वारा चलाई जाने वाली संभावित स्पेशल ट्रेनों पर टिकी हैं।

    यह भी पढ़ें- पूर्वा और टाटानगर-बक्सर एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का बदला टाइम, सफर पर निकलने से पहले चेक करें शेड्यूल