कोडरमा में शादी से पहले गैस सिलिंडर फटा, सामान और नकदी जलकर खाक
कोडरमा के माधोपुर गांव में शादी से कुछ घंटे पहले गैस सिलिंडर फटने से घर का सारा सामान और 20 हजार रुपये नकद जल गए। ...और पढ़ें
-1777530957840_m.webp)
गैस सिलिंडर हुआ ब्लास्ट। (जागरण)
संवाद सहयोगी, कोडरमा। सतगांवां थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में गुरुवार को एक परिवार की खुशियां उस समय गम में बदल गईं, जब शादी से महज कुछ घंटे पहले घर में गैस सिलिंडर ब्लास्ट हो गया।
इस हादसे में शादी के लिए रखा गया सामान और नगदी जलकर पूरी तरह खाक हो गया। माधोपुर निवासी दिलीप शर्मा की बड़ी पुत्री अंजली की गुरुवार शाम शादी होनी थी।
घर में शादी की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं और मेहमानों की चहल-पहल से माहौल उत्साहपूर्ण था। इसी बीच सुबह मेहमानों के लिए चाय बनाने के दौरान हादसा हो गया।
बताया गया कि हलवाई ने जैसे ही सिलिंडर का रेगुलेटर चालूकर माचिस जलाई, गैस रिसाव के कारण आग की चिंगारी सिलिंडर तक पहुंच गई और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे घर में अफरातफरी मच गई।
आग से काफी नुकसान
स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
-1777531036852.jpg)
आग लगने से दुखी परिवार के लोग।
शादी का जोड़ा, दूल्हे के लिए रखा सूट, मेहमानों के लिए खरीदे गए नए कपड़े समेत लगभग 20 हजार रुपये नकद जलकर राख हो गए। वैसे हादसे के बावजूद परिवार ने हिम्मत नहीं हारी है।
शाम को बोकारो से बारात आने वाली है, जिसे देखते हुए स्वजनों ने आसपास के लोगों से कर्ज लेकर फिर से जरूरी सामान जुटाना शुरू कर दिया है। इस घटना ने एक बार फिर गैस सिलिंडर के सुरक्षित उपयोग को लेकर सतर्क रहने की जरूरत को उजागर कर दिया है।