Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नीट पेपर लीक और री-एग्जाम के तनाव ने ली एक और जान, कोडरमा में मेधावी छात्रा की संदिग्ध मौत से सनसनी

    Updated: Mon, 01 Jun 2026 03:45 PM (IST)

    कोडरमा में नीट अभ्यर्थी रुचि कुमारी की संदिग्ध मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। परिवार का आरोप है कि नीट पेपर लीक और री-एग्जाम के तनाव के क ...और पढ़ें

    कोडरमा में नीट अभ्यर्थी रुचि कुमारी की संदिग्ध मौत, पेपर लीक और री-एग्जाम के तनाव का आरोप। (फोटो : फाइल)

    कोडरमा में नीट अभ्यर्थी रुचि कुमारी की संदिग्ध मौत, पेपर लीक और री-एग्जाम के तनाव का आरोप। (फोटो : फाइल)

    HighLights

    1. कोडरमा में नीट अभ्यर्थी रुचि कुमारी की संदिग्ध मौत।

    2. पेपर लीक और री-एग्जाम के तनाव से थी परेशान।

    3. परिवार सदमे में, पुलिस मामले की जांच कर रही।

    संवाद सूत्र, कोडरमा। कोडरमा जिला के झुमरीतिलैया के चित्रगुप्त नगर में रहने वाली एक मेडिकल प्रवेश परीक्षा (नीट) अभ्यर्थी की संदिग्ध मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान रुचि कुमारी के रूप में हुई है, जिसके पिता संजय कुमार सिंह हैं।

    स्वजनों के अनुसार, रुचि मेडिकल प्रवेश परीक्षा (रि-नीट) की तैयारी कर रही थी और हाल के दिनों में गहरे मानसिक तनाव से गुजर रही थी। जानकारी के अनुसार, रुचि अपने माता-पिता के साथ झुमरीतिलैया के चित्रगुप्त नगर स्थित किराए के मकान में रहती थी।

    उसके पिता संजय कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर गांव के निवासी हैं और पेशे से एलआईसी एजेंट हैं। परिवार के मुताबिक, रुचि पढ़ाई में शुरू से ही काफी मेधावी थी और मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रही थी। इसी उद्देश्य से वह लगातार ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से नीट परीक्षा की तैयारी में जुटी हुई थी।

    पेपर लीक और री-नीट की खबरों से परेशान थी रुचि

    स्वजनों ने बताया कि उसने नीट परीक्षा के लिए लंबे समय तक कड़ी मेहनत की थी और परीक्षा देने के बाद अच्छे परिणाम की उम्मीद कर रही थी। इसी बीच पेपर लीक, पुर्नपरीक्षा और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर सामने आई परिस्थितियों से वह काफी परेशान रहने लगी थी।

    खबरें और भी

    परिवार का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी और वह लगातार तनाव में दिखाई दे रही थी। रविवार रात जब रुचि काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकली और भोजन के लिए भी नहीं आई, तब परिवार जनों को चिंता हुई।

    उसके पिता जब कमरे के पास पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर परिवार के लोगों ने किसी तरह अंदर प्रवेश किया, जहां रुचि अचेत अवस्था में मिली।

    पुलिस कर रही है मामले की जांच

    घटना की सूचना तत्काल तिलैया थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सोमवार को बिहार के चितरपुर स्थित मुक्तिधाम में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

    रुचि के पिता संजय कुमार सिंह ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रही थी और डॉक्टर बनने का सपना देख रही थी। उन्होंने कहा कि परिवार उसकी मानसिक स्थिति को बेहतर बनाने का लगातार प्रयास कर रहा था, लेकिन इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

    इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी रुचि को एक मेहनती और प्रतिभावान छात्रा बताते हुए घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

    तनाव में हों तो यहां लें मदद

    मानसिक तनाव, अवसाद या किसी भी तरह के आघात की स्थिति में आत्मघाती कदम उठाना किसी समस्या का समाधान नहीं है। ऐसे कठिन समय में अपने दोस्तों, परिवार या विशेषज्ञों से बात करना बेहद जरूरी है। जीवन अमूल्य है, इसे जीने के लिए कई रास्ते हैं।

    वक्त कैसा भी गुजर जाता है। हौसला बनाए रखना जरूरी है। अगर आप या आपका कोई जानने वाला इस तरह के दौर से गुजर रहा है, तो आप नीचे दिए गए हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर निःशुल्क और गोपनीय परामर्श प्राप्त कर सकते हैं:

    • टेली-मानस (भारत सरकार की हेल्पलाइन): 14416 या 1800-891-4416
    • किरण (केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्रालय): 1800-599-0019
    • स्नेहा फाउंडेशन: +91-44-24640050
    • वंद्रेवाला फाउंडेशन: +91-9999666555