14 दिन से अटका मानदेय, कोडरमा में आउटसोर्सिंग कर्मियों का जोरदार प्रदर्शन, 17 जुलाई से कार्य बहिष्कार की चेतावनी
कोडरमा में कमांडो इंडस्ट्रियल सिक्युरिटी फोर्स के 360 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने मानदेय भुगतान न होने पर सिविल सर्जन कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। ...और पढ़ें

कोडरमा में 360 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन। जागरण
HighLights
कोडरमा में 360 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन।
झारखंड सरकार से आवंटन के बावजूद मानदेय नहीं मिला।
संवाद सहयोगी, कोडरमा। कमांडो इंडस्ट्रियल सिक्युरिटी फोर्स के तहत कार्यरत 360 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने झारखंड सरकार से आवंटन मिलने के बावजूद मानदेय का भुगतान न होने पर सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान कर्मचारियों ने गेट जाम कर दो घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया। सिविल सर्जन अनिल कुमार से वार्ता के बाद एक सप्ताह में भुगतान का आश्वासन मिलने पर धरना समाप्त किया गया।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे सीटू के राज्य सचिव संजय पासवान ने कहा कि कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर पिछले एक महीने से आंदोलन चल रहा था। एक जून को अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान किया गया था, जिसके बाद सिविल सर्जन की अध्यक्षता में त्रिपक्षीय वार्ता हुई थी।
समझौते के अनुसार, आवंटन मिलने पर मानदेय का भुगतान किया जाना था, लेकिन 14 दिन बाद भी भुगतान न होना श्रम कानूनों का उल्लंघन है। इससे कर्मचारियों की स्थिति गंभीर हो गई है, कई लोग भूखों मरने की कगार पर हैं। जब तक उनका भुगतान नहीं होता, सीटू उनके आंदोलन के साथ खड़ा रहेगा।
यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ, तो 17 जुलाई से कार्य बहिष्कार किया जाएगा। धरने में जिला आउटसोर्सिंग कर्मचारी संघ के कई पदाधिकारी और सैकड़ों कर्मी शामिल थे।