September Festival List 2026: 4 को जन्माष्टमी, 14 को तीज और 15 से गणेश उत्सव, नोट कर लें व्रत-त्योहार की तारीख
सितंबर माह में जन्माष्टमी, हरितालिका तीज, गणेश चतुर्थी और पितृपक्ष जैसे कई प्रमुख त्योहार मनाए जाएंगे। कोडरमा में इन पर्वों ...और पढ़ें

4 को जन्माष्टमी, 14 को तीज और 15 से गणेश उत्सव
HighLights
सितंबर में कई प्रमुख त्योहारों का आगमन होगा।
कोडरमा में पर्वों की तैयारियां जोरों पर हैं।
जन्माष्टमी, गणेश उत्सव, पितृपक्ष मुख्य आकर्षण हैं।
संवाद सहयोगी, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। सितंबर का महीना आस्था, उल्लास और धार्मिक अनुष्ठानों से सराबोर रहने वाला है। जन्माष्टमी, हरितालिका तीज, गणेश चतुर्थी, अनंत चतुर्दशी के साथ माह के अंतिम सप्ताह से पितृपक्ष की शुरुआत होगी।
लगातार पर्व-त्योहारों को देखते हुए कोडरमा जिले में तैयारियां भी जोर पकड़ चुकी हैं। टेंट-लाइट संचालकों के साथ भजन गायकों, कलाकारों और नृत्य-नाटिका टीमों की बुकिंग शुरू हो गई है।
27 सितंबर से पितृपक्ष का शुभारंभ
ज्योतिषाचार्य अनिल मिश्रा के अनुसार, 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, 14 सितंबर को हरितालिका तीज और 15 सितंबर से 10 दिवसीय गणेश पूजनोत्सव शुरू होगा। 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी और इसके अगले दिन पूर्णिमा के बाद 27 सितंबर से पितृपक्ष का शुभारंभ होगा।
पर्वों को लेकर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी चल रही है। गणेश उत्सव के दौरान भजन-कीर्तन, नृत्य-नाटिका और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की तैयारी है। आयोजकों ने टेंट, लाइट, साउंड सिस्टम और कलाकारों की बुकिंग करानी शुरू कर दी है।
इधर, पर्वों की लंबी श्रृंखला का असर बाजार पर भी दिखने लगा है। फल, फूल, पूजन सामग्री और अन्य धार्मिक सामग्रियों की मांग बढ़ने की उम्मीद है। व्यवसायियों ने पर्व के अनुरूप पहले से ही सामान मंगाना शुरू कर दिया है, ताकि ग्राहकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
पर्वों की प्रमुख तिथियां
- 4 सितंबर — श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
- 14 सितंबर — हरितालिका तीज व्रत
- 15 सितंबर — गणेश चतुर्थी, गणेश उत्सव आरंभ
- 18 सितंबर — महालक्ष्मी व्रत आरंभ
- 19 सितंबर — श्रीराधाष्टमी
- 25 सितंबर — अनंत चतुर्दशी
- 26 सितंबर — पूर्णिमा, स्नान-दान व्रत
- 27 सितंबर — पितृपक्ष आरंभ, प्रतिपदा श्राद्ध।
- 28-30 सितंबर — द्वितीया से चतुर्थी श्राद्ध।
