लातेहार: उत्तरी कोयल नदी के उफान से मंडल डैम के डूब क्षेत्र में संकट, 780 परिवारों पर खतरा
उत्तरी कोयल नदी में उफान से लातेहार के बूढ़ापहाड़ और मंडल डैम के डूब क्षेत्र में 780 परिवार बाढ़ के ...और पढ़ें

बाढ़ का बढ़ा खतरा। (जागरण)
HighLights
उत्तरी कोयल नदी में उफान से लातेहार में बाढ़ का खतरा।
मंडल डैम के डूब क्षेत्र में 780 परिवार प्रभावित, गांव कटे।
36 परिवारों को सुरक्षित निकाला, राहत कार्य जारी।
जागरण संवाददाता, लातेहार। लगातार हो रही वर्षा के बीच उत्तरी कोयल नदी के उफान ने बूढ़ापहाड़ से सटे इलाकों और मंडल डैम के डूब क्षेत्र में स्थिति गंभीर कर दी है।
डूब क्षेत्र में आने वाले चार-पांच गांवों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है। यहां रहने वाले करीब 780 परिवारों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। स्थिति को देखते हुए भजना और खुरा गांव के 36 परिवारों को डूब क्षेत्र से निकालकर मतगड़ी क्षेत्र में सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है।
गेट नहीं लगे, गाद-लकड़ी ने बढ़ाई परेशानी
निर्माणाधीन मंडल डैम का मुख्य ढांचा तैयार है, लेकिन अब तक गेट नहीं लगाए गए हैं। गेट के समीप गाद और लकड़ियां जमा होने से पानी की निकासी प्रभावित हो रही है।

उत्तरी कोयल का जलस्तर बढ़ने के साथ पानी आसपास के गांवों की ओर फैल गया। डूब क्षेत्र के कई हिस्सों में आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
कई परिवार ऊंचे स्थानों और पहाड़ों पर शरण लिए हुए हैं। अमर शहीद नीलांबर-पीतांबर से जुड़े चेमो सान्या गांव में भी हाई अलर्ट जारी किया गया है और ग्रामीणों से सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की गई है।
संपर्क टूटा तो राहत पहुंचाना भी बना चुनौती
जलस्तर बढ़ने के बाद पलामू टाइगर रिजर्व ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया है। सुरक्षित स्थान पर भेजे गए 36 परिवारों को राशन और राहत किट उपलब्ध कराई गई है।

पहाड़ों पर शरण लिए लोगों के लिए टेंट की व्यवस्था की गई है। हालांकि, जिन गांवों का संपर्क टूट चुका है, वहां राहत सामग्री पहुंचाना आसान नहीं है।
इन गांवों के आसपास कोयल नदी की सहायक नदियां भी उफान पर हैं, जिससे बचाव दलों के लिए आवागमन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
मंडल डैम में 26 मई को ही प्रशासन ने देखी थी जमीनी हकीकत
वहीं, दूसरी ओर मंडल डैम के डूब क्षेत्र में उत्तरी कोयल नदी के उफान से पैदा हुई मौजूदा स्थिति के बीच 26 मई को प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण की तस्वीर भी सामने आती है।
उस दिन लातेहार के उपायुक्त संदीप कुमार, गढ़वा के उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा और लातेहार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव समेत प्रशासनिक टीम ने संयुक्त रूप से मंडल डैम, बरवाडीह और आसपास के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया था। अधिकारियों ने डैम परियोजना की स्थिति, निर्माण कार्यों की प्रगति और डूब क्षेत्र में आने वाले गांवों से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की थी।
निरीक्षण के दौरान मंडल डैम परियोजना के डूब क्षेत्र में आने वाले मेराल गांव के परिवारों के विस्थापन पर विशेष रूप से चर्चा हुई थी। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को विस्थापन की प्रक्रिया नियमानुसार और संवेदनशीलता के साथ पूरा कराने का निर्देश दिया था। परियोजना में आ रहे अवरोधों और कार्य में विलंब के कारणों की भी जानकारी ली गई थी।
बरवाडीह-मंडल सड़क पर भी दिए थे निर्देश
अधिकारियों ने बरवाडीह से मंडल तक सड़क निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे क्षेत्र के आवागमन और विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया था। निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा कराने का निर्देश दिया गया था। इसके साथ ही निर्माणाधीन पुलिस पिकेट भवन का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए थे।
अस्पताल और स्वास्थ्य उपकेंद्र का भी लिया था जायजा
निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन नए अस्पताल भवन और मोरवाईकल स्वास्थ्य उपकेंद्र की प्रगति व गुणवत्ता की भी समीक्षा की गई थी। उपायुक्त ने अधिकारियों और संवेदकों को निर्माण कार्य में लापरवाही और अनावश्यक विलंब नहीं करने की चेतावनी देते हुए नियमित निगरानी और तेजी से काम पूरा कराने का निर्देश दिया था।
