विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लातेहार का प्रसिद्ध 'जीराफूल चावल' अब गुड़गांव-दिल्ली के किचन में महकेगा, DC ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

Published: Tue, 01 Sep 2026 02:42 PM (IST)

लातेहार जिले के प्रसिद्ध जीराफूल चावल को अब गुड़गांव और दिल्ली के बाजारों तक पहुंचाया जा रहा है। जिला प्रशासन ...और पढ़ें

जीराफूल चावल गुड़गांव दिल्ली के लिए रवाना

जीराफूल चावल गुड़गांव दिल्ली के लिए रवाना

HighLights

  1. लातेहार का जीराफूल चावल गुड़गांव-दिल्ली के लिए रवाना।

  2. 6.70 मीट्रिक टन चावल 'किसान से' प्लेटफॉर्म से भेजा गया।

  3. किसानों को बेहतर बाजार और आय बढ़ाने की पहल।

जागरण संवाददाता, लातेहार। जिले के किसानों द्वारा उत्पादित प्रसिद्ध जीराफूल चावल को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक अनोखी पहल की है। इसी क्रम में सोमवार को समाहरणालय परिसर से 6.70 मीट्रिक टन जीराफूल चावल से लदे वाहन को गुड़गांव, दिल्ली के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। 

उपायुक्त संदीप कुमार, उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद एवं डीपीएम जेएसएलपीएस संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से वाहन को रवाना किया। यह चावल महुआडांड़ एफपीसी (फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी) के माध्यम से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ‘किसान से’ के जरिए गुड़गांव भेजा गया है। 

इस पहल को जिला प्रशासन, लातेहार एवं डीएमएफटी फंड का सहयोग प्राप्त हुआ है। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य स्थानीय किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें उपज का उचित मूल्य मिल सके और उनकी आय में वृद्धि हो। 

जीराफूल चावल लातेहार जिले का प्रसिद्ध स्थानीय कृषि उत्पाद

जीराफूल चावल लातेहार जिले का प्रसिद्ध स्थानीय कृषि उत्पाद है। इसे बड़े बाजार तक पहुंचाने से न केवल किसानों को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है, बल्कि जिले के इस विशिष्ट उत्पाद को व्यापक पहचान भी मिलेगी। प्रशासन की ओर से बताया गया कि स्थानीय कृषि उत्पादों को बाजार से जोड़ने की दिशा में इस तरह की पहल आगे भी जारी रहेगी। 

किसानों को संगठित कर उनके उत्पादों के विपणन और मूल्यवर्धन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जीराफूल चावल के बड़े बाजार तक पहुंचने से जिले के किसानों के लिए नए बाजार के रास्ते खुलने की उम्मीद है। साथ ही एफपीसी के माध्यम से किसानों को सीधे बाजार से जोड़ने की व्यवस्था से बिचौलियों की भूमिका कम करने और उत्पाद का बेहतर मूल्य दिलाने में भी मदद मिलेगी। 

कृषि आधारित आजीविका को मजबूत करने की कोशिश

जिला प्रशासन ने इसे कृषि आधारित आजीविका को मजबूत करने, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।