20 दिन में तीन बच्चों की मौत... लातेहार के इस गांव में आखिर किस बीमारी ने बढ़ाई चिंता?
लातेहार के भोकाखाड़ गांव में पिछले 20 दिनों में तीन बच्चों की बुखार से मौत हो गई है, जिससे गांव ...और पढ़ें

भोकाखाड़ गांव में 20 दिन में तीन बच्चों की मौत।
HighLights
लातेहार के भोकाखाड़ गांव में 20 दिन में तीन बच्चों की मौत।
बच्चों की मौत का कारण अज्ञात, तेज बुखार के बाद बिगड़ी हालत।
संवाद सूत्र, लातेहार। लातेहार सदर प्रखंड के तरवाडीह पंचायत का भोकाखाड़ गांव इन दिनों मातम और चिंता के साए में है। मंगलवार की देर शाम ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 20 दिनों में यहां तीन बच्चों की बुखार के बाद मौत हो गई। इनमें दो बच्चों की मौत पिछले एक सप्ताह के भीतर हुई है। लगातार हो रही मौतों से ग्रामीण सहमे हुए हैं।
सबसे बड़ी चिंता यह है कि बच्चों की मौत किस बीमारी से हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी ग्रामीणों को नहीं है। तेज बुखार के बाद बच्चों की हालत बिगड़ी और इलाज का मौका मिलने से पहले ही उनकी सांसें थम गईं।
पहाड़ पर जिंदगी, नीचे सड़क और इलाज दूर
भोकाखाड़ गांव पहाड़ी पर बसा है। गांव से पक्की सड़क तक पहुंचने के लिए करीब पांच किमी पैदल चलना पड़ता है। इसमें लगभग तीन किमी रास्ता पहाड़ी क्षेत्र से होकर गुजरता है। दुर्गम रास्ते के कारण बीमार व्यक्ति को अस्पताल तक पहुंचाना ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है।
ऐसे में बीमारी गंभीर होने पर समय पर उपचार मिलना कठिन हो जाता है। ग्रामीण महिला फुलमनी भेंगरा, अनुग्रहित खलखो और जूलियानी खलखो ने बताया कि तीनों बच्चों को पहले तेज बुखार आया था। हालत इतनी तेजी से बिगड़ी कि इलाज कराने का पर्याप्त समय तक नहीं मिला। बच्चों की मौत से गांव में घर-घर चिंता है। ग्रामीण अब गांव में स्वास्थ्य जांच और बीमारी की वास्तविक वजह सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।
गांव पहुंचेगी मेडिकल टीम : सिविल सर्जन
लातेहार सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खलखो ने बताया कि भोकाखाड़ गांव में मेडिकल टीम भेजी जाएगी। टीम ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच करेगी और बच्चों की मौत के कारणों की जानकारी जुटाएगी।
यह भी पढ़ें- सुबह-सुबह झाड़ियों में छिपी थी मौत! गुमला में शौच के लिए घर से निकले बुजुर्ग को हाथी ने कुचलकर मार डाला
