लातेहार को मिला खेल का बड़ा तोहफा, भूसुर में बन रहा राज्यस्तरीय स्पोर्ट्स हब
लातेहार के भूसुर गांव में 27 एकड़ में राज्यस्तरीय खेल परिसर बन रहा है, जिसमें हॉकी, फुटबॉल, टेनिस और तैराकी के लिए आधुनिक स्टेडियम, दो छात्रावास और शि ...और पढ़ें

हॉकी, फुटबॉल, टेनिस व तैराकी के लिए बनेंगे चार आधुनिक स्टेडियम। जागरण
HighLights
हॉकी, फुटबॉल, टेनिस, तैराकी के लिए चार आधुनिक स्टेडियम बनेंगे।
100-100 बेड के दो छात्रावास, लाइब्रेरी, साइंस लैब, वोकेशनल सेंटर।
जागरण संवाददाता, लातेहार। सदर प्रखंड के भूसुर गांव में जिले की सबसे महत्वाकांक्षी खेल परियोजनाओं में शामिल राज्यस्तरीय खेल परिसर तेजी से आकार ले रहा है। करीब 27 एकड़ भूमि पर विकसित हो रहे इस अत्याधुनिक स्पोर्ट्स हब में राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
परियोजना पूरी होने के बाद लातेहार ही नहीं, आसपास के जिलों के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए आधुनिक आधारभूत संरचना मिलेगी तथा जिले की पहचान खेल मानचित्र पर और मजबूत होगी।
निर्माणाधीन खेल परिसर में हॉकी, फुटबॉल, टेनिस और तैराकी के लिए अलग-अलग स्टेडियम एवं खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं।
खिलाड़ियों के उच्चस्तरीय प्रशिक्षण को ध्यान में रखते हुए आधुनिक स्विमिंग पूल का भी निर्माण कराया जा रहा है। परिसर को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि भविष्य में यहां जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया जा सके।
खिलाड़ियों के ठहरने की सुविधा के लिए 100-100 बेड क्षमता वाले दो छात्रावास बनाए जा रहे हैं। खेल के साथ शिक्षा और कौशल विकास को जोड़ने की सोच के तहत परिसर में आधुनिक लाइब्रेरी, साइंस लैब और तकनीकी एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के लिए वोकेशनल सेंटर का भी निर्माण किया जा रहा है।
इससे खिलाड़ियों को एक ही परिसर में अभ्यास के साथ अध्ययन और कौशल विकास की सुविधाएं मिल सकेंगी। परियोजना के अंतर्गत बाउंड्री वॉल और वोकेशनल सेंटर का निर्माण जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) फंड से कराया जा रहा है।
वहीं स्टेडियम, छात्रावास, लाइब्रेरी, साइंस लैब सहित अन्य सभी निर्माण कार्य आरईओ विभाग द्वारा जारी टेंडर के माध्यम से कराए जा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य चरणबद्ध ढंग से निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे बढ़ रहा है।
खबरें और भी
स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तक बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए जिले के खिलाड़ियों को रांची सहित अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। खेल परिसर बनने के बाद यह आवश्यकता काफी हद तक समाप्त हो जाएगी और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी अपने जिले में ही बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
युवाओं और खेल प्रेमियों में इस परियोजना को लेकर खासा उत्साह है। लोगों का मानना है कि यह परिसर भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने की मजबूत आधारशिला बनेगा।
खेल, शिक्षा और कौशल विकास की सुविधाओं का एक ही परिसर में उपलब्ध होना जिले के समग्र विकास के लिए भी मील का पत्थर साबित होगा। परियोजना पूरी होने के बाद भूसुर गांव राज्य के प्रमुख खेल केंद्रों में अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकता है।
क्या-क्या बनेगा खेल परिसर में:
- स्थान : भूसुर गांव, सदर प्रखंड, लातेहार
- कुल क्षेत्रफल : 27 एकड़
- चार आधुनिक खेल स्टेडियम : हॉकी, फुटबॉल, टेनिस और तैराकी
- अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला स्विमिंग पुल
- 100-100 बेड क्षमता के दो छात्रावास
- आधुनिक लाइब्रेरी
- साइंस लैब
- वोकेशनल सेंटर
सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल
स्टेडियम, छात्रावास व अन्य भवनों का निर्माण आरईओ विभाग के माध्यम से बाउंड्री वॉल व वोकेशनल सेंटर का निर्माण डीएमएफटी फंड से किया जाएगा। इसका लक्ष्य जिले और आसपास के खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, आवास और प्रतियोगिता की समेकित सुविधा उपलब्ध कराना है।