Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लातेहार के बरवाडीह में स्मार्ट मीटर का झटका! उपभोक्ताओं को थमाया 6 लाख तक का बिजली बिल, हंगामा

    Updated: Mon, 13 Jul 2026 07:10 PM (IST)

    बरवाडीह, लातेहार में स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को लाखों के मनमाने बिजली बिल मिल रहे हैं, जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली दफ्तर का घेराव कि ...और पढ़ें

    लातेहार में बिजली विभाग की ओर से गलत बिल भेजे जाने के कारण विराेध जताते उपभोक्‍ता।

    लातेहार में बिजली विभाग की ओर से गलत बिल भेजे जाने के कारण विराेध जताते उपभोक्‍ता।

    HighLights

    1. बिना सूचना बिजली कनेक्शन काटे गए, विरोध।

    2. जिप सदस्य ने हस्तक्षेप किया, समाधान का आश्वासन।

    संवाद सूत्र, बरवाडीह (लातेहार)। झारखंड के लातेहार जिला अंतर्गत बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र में स्मार्ट मीटर (Smart Meter) लगाने के बाद से बिजली उपभोक्ताओं की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। 
     
    उपभोक्ताओं का आरोप है कि नया मीटर लगने के बाद महज कुछ ही महीनों के भीतर उन्हें हजारों से लेकर लाखों रुपये तक के मनमाने बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। 
     
    मामला उस समय और बिगड़ गया जब विभाग ने बिना किसी पूर्व सूचना के दर्जनों घरों की बत्ती गुल कर दी, जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को बिजली दफ्तर का घेराव कर जमकर हंगामा किया।
     

    पोखरी कला पंचायत में 6 लाख रुपये तक का आया बिल

    प्रखंड की पोखरी कला पंचायत के 50 से अधिक उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद 50 हजार रुपये से लेकर 6 लाख रुपये तक का भारी-भरकम बिजली बिल भेजा गया है। 
     
    हैरान करने वाली बात यह है कि रविवार को इसी अत्यधिक बकाया बिल का हवाला देते हुए विद्युत विभाग ने बिना किसी पूर्व नोटिस के करीब 50 उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन काट दिया। 
     

    अधिकारी के न होने पर बढ़ा आक्रोश, जिप सदस्य ने संभाला मोर्चा 

    भीषण गर्मी के इस मौसम में अचानक हुई इस कार्रवाई से उपभोक्ताओं में विभाग और सरकार के प्रति भारी आक्रोश फैल गया। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी शिकायत लेकर सहायक विद्युत अभियंता (AE) कार्यालय पहुंचे। 
     
    वहां सहायक अभियंता अमित कुमार के विभागीय कार्य से महुआडांड़ जाने के कारण उपस्थित न होने पर ग्रामीण और भड़क गए। मामले की जानकारी मिलते ही जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी मौके पर पहुंचीं और आक्रोशित ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
     
    ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने गलत बिल की शिकायत पहले भी की थी, लेकिन सुधार करने के बजाय बिल की राशि और बढ़ा दी गई। जिप सदस्य संतोषी कुमारी ने तत्काल कार्यपालक अभियंता एवं सहायक अभियंता से फोन पर बात कर कड़ी नाराजगी जताई।
     

    प्रमुख मांगें और विभाग का आश्वासन

    जिप सदस्य संतोषी कुमारी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने विभाग के समक्ष दो प्रमुख मांगें रखी हैं:

    •     तत्काल बहाली: जिन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए हैं, उन्हें तुरंत जोड़ा जाए।
    •     विशेष शिविर: त्रुटिपूर्ण और अत्यधिक आए बिजली बिलों की जांच के लिए विशेष कैंप लगाकर शिकायतों का निपटारा किया जाए।


    जिप सदस्य ने कहा कि यदि इस समस्या का शीघ्र और संतोषजनक समाधान नहीं हुआ, तो ग्रामीणों को एकजुट कर विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा।

    इस बाबत सहायक अभियंता अमित कुमार ने फोन पर आश्वासन दिया कि जिन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए हैं, उन्हें पुनःजोड़ दिया जाएगा। साथ ही, उन्होंने अधिक बिजली बिल से संबंधित शिकायतों की तकनीकी जांच कराकर सुधार करने की बात कही है।