लातेहारः मगध कोलियरी के कांटा घर पर फायरिंग, कंप्यूटर ऑपरेटर को लगी गोली; राहुल दुबे गिरोह ने ली जिम्मेदारी
लातेहार के मगध कोलियरी के चमातू साइडिंग में हथियारबंद अपराधियों ने कांटा घर पर फायरिंग की, जिसमें कंप्यूटर ऑपरेटर अरुण ...और पढ़ें

मगध कोलियरी के कांटा घर पर फायरिंग। जागरण
HighLights
मगध कोलियरी के कांटा घर पर फायरिंग हुई।
कंप्यूटर ऑपरेटर अरुण उरांव के पैर में गोली लगी।
जागरण संवाददाा, लातेहार। लातेहार के बालूमाथ थाना क्षेत्र स्थित मगध कोलियरी के चमातू साइडिंग में बीती रात हथियारबंद अपराधियों ने 22 नंबर कांटा घर पर अचानक फायरिंग कर दी। करीब सात से आठ राउंड चली गोलीबारी में कांटा घर में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर अरुण उरांव के पैर में गोली लग गई। गोली चलने की आवाज सुनकर साइडिंग में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब चार हथियारबंद अपराधी कांटा घर पहुंचे और वहां पहुंचते ही फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से कर्मचारी और आसपास मौजूद लोग सहम गए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। गोली लगने से घायल अरुण उरांव को तत्काल बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें रिम्स रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा पुलिस टीम के साथ चमातू साइडिंग पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ गोलीबारी से जुड़े साक्ष्य जुटाए। मौके से दो खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

घटनास्थल पर पुलिस को एक पर्चा भी मिला है। पर्चे में राहुल दुबे गिरोह द्वारा घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पर्चे में पीवीआर कंपनी के सत्य रेड्डी उर्फ प्रभाकर रेड्डी को धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस पर्चे की सत्यता की जांच कर रही है। साथ ही गोलीबारी में शामिल अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में छानबीन शुरू कर दी गई है।
पुलिस घायल कंप्यूटर ऑपरेटर के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी जांच का अहम हिस्सा मानकर आगे बढ़ रही है। गोलीबारी के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसका पता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद कोलियरी क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।