लोहरदगा में बाईपास सड़क निर्माण स्थल पर ताबड़तोड़ फायरिंग, गार्ड को लगी गोली; बाल-बाल बचा कर्मचारी
लोहरदगा में बाईपास सड़क निर्माण स्थल पर दो हथियारबंद अपराधियों ने फायरिंग की। इस घटना में एक गार्ड को गोली ...और पढ़ें

निर्माण स्थल पर ताबड़तोड़ फायरिंग
HighLights
बाईपास सड़क निर्माण स्थल पर अपराधियों ने की फायरिंग।
एक गार्ड को गोली लगी, रांची रिम्स रेफर।
पुलिस ने जांच शुरू की, अपराधियों की तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। लोहरदगा जिले के लिए बहुप्रतीक्षित बाईपास सड़क निर्माण योजना पर अपराधियों ने दस्तक दी है। लोहरदगा जिला के सदर थाना क्षेत्र के महुआ टोली गांव के समीप बाईपास सड़क निर्माण योजना के पुल निर्माण योजना स्थल पर पहुंच कर हथियारबंद दो अपराधियों ने तीन राउंड फायरिंग की। जिसमें से दो राउंड फायरिंग राजकुमार यादव नामक एजेंसी के कर्मचारी पर की गई।
इस घटना में राजकुमार यादव बाल-बाल बच गया। राजकुमार यादव पिकअप वाहन में सो रहा था। जिसे जगा कर अपराधियों ने पहले तो उसे वहां से जाने को कहा और इसके बाद दो गोली उस पर चला दी। वहीं अपराधियों ने योजना स्थल पर मौजूद गार्ड भूषण पर भी एक राउंड फायर किया। गोली भूषण की बांह में जा फंसी है।
हाइवा में भी आग लगा दी
अपराधियों ने योजना स्थल पर खड़े एक हाइवा में भी आग लगा दी। जिससे हाइवा का अगला हिस्सा जल गया है। इसके बाद अपराधी वहां से चलते बने। अपराधी मुख्य पथ से पैदल ही लगभग डेढ़ किलोमीटर अंदर योजना स्थल पर पहुंचे थे।
घटना के बाद गोली लगने से घायल गार्ड भूषण को तत्काल इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल लाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स में रेफर कर दिया गया है। फिलहाल गार्ड की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
रंगदारी या लेवी मांगे जाने की कोई शिकायत पुलिस को नहीं
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक रत्नेश मोहन ठाकुर और खुद एसपी सादिक अनवर रिजवी ने मामले की जांच की। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद कर्मचारी गार्ड और अन्य लोगों से पूछताछ की है।
पूछताछ में यह बात स्पष्ट हुई कि दो अपराधी पैदल ही घटनास्थल पर पहुंचे थे। उनके पास देसी कट्टा था। जिससे उन्होंने तीन राउंड फायर किया है। हालांकि योजना के क्रियान्वयन एजेंसी से पहले किसी तरह की रंगदारी या लेवी मांगे जाने की कोई शिकायत पुलिस को नहीं मिली थी। अचानक से हुई इस घटना के बाद पुलिस अलर्ट पर है। अपराधियों की धर पकड़ को लेकर छापेमारी की जा रही है।
