विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लोहरदगा में शराब का विरोध करने पर नशेड़ी पिता ने सो रहे बेटे को टांगी से काटा, 1 घंटे में जंगल से गिरफ्तार

Published: Wed, 16 Sep 2026 04:43 PM (IST)

लोहरदगा के कुडू थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक पिता ने अपने बेटे की टांगी से काटकर हत्या ...और पढ़ें

मामले की जांच करती पुलिस

मामले की जांच करती पुलिस

HighLights

  1. पिता ने घरेलू विवाद में बेटे की टांगी से काटकर हत्या की।

  2. नशे की हालत में पिता ने सो रहे बेटे पर हमला किया।

  3. पुलिस ने आरोपी पिता को एक घंटे में जंगल से पकड़ा।

जागरण संवाददाता, लोहरदगा। जिले के कुडू थाना क्षेत्र के सलगी गरभू टोली गांव में बुधवार सुबह घरेलू विवाद में पिता ने अपने ही पुत्र की टांगी से काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया था। इसकी सूचना मिलने पर कुडू थाना पुलिस ने छापेमारी कर घटना के करीब एक घंटे के भीतर उसे सलगी जंगल से गिरफ्तार कर लिया। 

पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर लिया है। बताया जाता है कि सलगी गरभू टोली निवासी सुरेश वर्मा और उसके पुत्र संजय वर्मा के बीच पिछले एक सप्ताह से विवाद चल रहा था। सुरेश के नशे की हालत में रहने को लेकर संजय उसका विरोध करता था। 

नशे की हालत में वापस घर लौटा

बुधवार सुबह सुरेश घर से निकला और कुछ देर बाद नशे की हालत में वापस घर लौटा। उस समय संजय अपने कमरे में सो रहा था। घर लौटने के बाद सुरेश ने टांगी से सो रहे संजय पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से संजय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कुछ देर बाद घर के अन्य सदस्यों को इस घटना की जानकारी हुई। 

कमरे में संजय को मृत अवस्था में देखकर स्वजनों ने इसकी सूचना कुडू थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कुडू थाना प्रभारी अजीत कुमार दल-बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया। 

आरोपी की तलाश में छापामारी शुरू

घटना के बाद फरार आरोपित की तलाश में पुलिस ने आसपास के इलाकों में छापेमारी शुरू की। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने सलगी जंगल से सुरेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद कर ली है। 

पुलिस आरोपित से पूछताछ कर घटना के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कुडू थाना प्रभारी अजित कुमार का कहना है कि पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे आपसी विवाद की बात सामने आ रही है। अनुसंधान के बाद ही घटना के पीछे का पूरा कारण स्पष्ट हो सकेगा।

यह भी पढ़ें- लोहरदगा-गुमला मार्ग पर बक्शीडीपा पेट्रोल पंप के पास पलटा ऑटो, एक युवक की मौत; 2 लोग घायल


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।