लोहरदगा में व्यवसायी की हत्या के बाद आक्रोश, आज जिला बंद और चक्का जाम
लोहरदगा में युवा व्यवसायी शुभम की गोली मारकर हत्या के विरोध में चैंबर ऑफ कॉमर्स ने 1 अगस्त को जिला बंद और चक्का जाम का आह्वान किया है। ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
युवा व्यवसायी शुभम की गोली मारकर हत्या।
चैंबर ऑफ कॉमर्स ने किया जिला बंद का आह्वान।
दोषियों की गिरफ्तारी और कानून-व्यवस्था सुधारने की मांग।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। शहर में युवा व्यवसायी शुभम की गोली मारकर हत्या करने के बाद व्यापारिक संगठनों में भारी आक्रोश है। लोहरदगा चैंबर आफ कामर्स ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर घटना की कड़ी निंदा की है।
चैंबर आफ कामर्स ने पुलिस-प्रशासन से दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है। चैंबर ने एक अगस्त को लोहरदगा जिला बंद एवं चक्का जाम का आह्वान किया है।
प्रेस वार्ता में चैंबर अध्यक्ष रितेश कुमार ने कहा कि विगत दिन लोहरदगा जिले के लिए बेहद दुखद और शर्मनाक रहा है। अपराधियों ने पहले दिन दहाड़े खत्री ज्वेलर्स में हथियार के बल पर लूट का प्रयास किया, लेकिन दुकानदार की सतर्कता के कारण वे सफल नहीं हो सके।
इसके बाद अपराधियों ने शहर के दूसरी छोर पर पतराटोली में एक पेट्रोल पंप को निशाना बनाया, जहां भी लूट की कोशिश विफल रही। इसके बाद भागने के दौरान अपराधियों ने पास की दुकान पर मौजूद युवा व्यवसायी शुभम को गोली मारकर हत्या कर दी।
खुलेआम घूम रहे अपराधी
चैंबर अध्यक्ष ने कहा है कि पहली घटना के बाद पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई नहीं करने के कारण अपराधी खुलेआम घूमते रहे और बाद में इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
उन्होंने कहा कि लोहरदगा जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। सड़क दुर्घटनाओं, चोरी और नशे के कारोबार जैसी घटनाओं में वृद्धि से आम लोग और व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
रितेश कुमार ने प्रशासन से मांग किया है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हुआ तो व्यापारी संगठन आगे अनिश्चितकालीन बंद जैसे बड़े आंदोलन पर भी विचार कर सकती है।
प्रेस वार्ता में चैंबर के वरीय उपाध्यक्ष पंकज कुमार जायसवाल, धन्नजय कांस्यकर, कार्यकारिणी सदस्य गुप्तेश्वर गुप्ता, धर्मेंद्र कुमार और पुरुषोत्तम तिवारी मौजूद थे।