दरवाजा नहीं खुला तो क्रेन मंगाकर आरोपित के घर घुसी NIA की टीम, लोहरदगा में घंटों चली तलाशी
एनआईए ने गुरुवार को लोहरदगा में कई ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें रांची में आरएसएस कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले की जांच के सिलसिले में महत्वपूर्ण स ...और पढ़ें

पूछताछ के लिए अरोपित के घर में क्रेन की मदद से घुसने का प्रयास करते पुलिस कर्मी। (जागरण)
HighLights
एनआईए ने लोहरदगा में कई संदिग्धों के घरों पर छापेमारी की।
रांची आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले की जांच के लिए।
डिजिटल उपकरण, दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने गुरुवार अहले सुबह लोहरदगा जिले में एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
यह कार्रवाई रांची स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यालय पर 16 जून 2026 की रात हुए पेट्रोल बम हमले की जांच के सिलसिले में की गई है।
मामले में गिरफ्तार सैफ अंसारी, अमन अंसारी और सायम सुजान पहले से न्यायिक हिरासत में हैं। एनआईए की विशेष टीम गुरुवार सुबह करीब चार बजे लोहरदगा पहुंची और सैफ अंसारी, अमन अंसारी समेत कुछ अन्य संदिग्धों के घरों में कई घंटे तक तलाशी अभियान चलाया।
जांच के दौरान मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण, दस्तावेज और अन्य संभावित साक्ष्यों की गहन जांच की गई। एजेंसी मामले से जुड़े नेटवर्क, संपर्कों और अन्य संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
इससे पहले भी 19 जून को एनआईए ने इन्हीं ठिकानों पर छापेमारी की थी। जेल में बंद अमन अंसारी के घर पर पहुंची टीम को दरवाजा नहीं खुलने पर वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी।
क्रेन से कमरे तक पहुंची टीम
बिजली विभाग के क्रेन की मदद से एनआईए की टीम भवन के ऊपरी हिस्से तक पहुंची और उसके बाद दरवाजा खोल कर आगे की तलाशी प्रक्रिया पूरी की गई। छापेमारी के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
पूरी कार्रवाई गोपनीय और सुनियोजित तरीके से संपन्न हुई। सुबह-सुबह बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की मौजूदगी से इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और कार्रवाई को लेकर लोग चर्चा कर रहे थे।
हालांकि, एनआईए ने छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। सूत्रों का कहना है कि कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण साक्ष्य और जानकारियां एकत्र की गई हैं, जिनका विश्लेषण किया जा रहा है।
जांच पूरी होने के बाद एजेंसी की ओर से अधिकृत जानकारी साझा किए जाने की संभावना है। मामले में लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी का कहना है कि उन्हें जानकारी नहीं है। स्थानीय पुलिस से कोई संपर्क नहीं किया गया था।