लोहरदगा-गुमला-धरमजयगढ़ रेल लाइन का काम तेज, पूरा होने के बाद होगा दोहरीकरण
रांची मंडल के डीआरएम करुणानिधि सिंह ने लोहरदगा स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया और सुधार के ...और पढ़ें

लोहरदगा-गुमला-धरमजयगढ़ रेल लाइन का काम तेज
HighLights
डीआरएम ने लोहरदगा स्टेशन का निरीक्षण कर सुविधाओं का जायजा लिया।
धरमजयगढ़-गुमला-लोहरदगा रेल लाइन का निर्माण कार्य तेजी से जारी।
परियोजना पूरी होने के बाद लोहरदगा रेलखंड पर दोहरीकरण संभव।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल के डीआरएम करुणानिधि सिंह ने शनिवार को रेलवे के अधिकारियों की टीम के साथ विशेष ट्रेन से लोहरदगा पहुंचकर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई और चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को यात्री सुविधाओं में सुधार लाने और सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने का निर्देश दिया। रेलवे ब्रिज का भी निरीक्षण किया गया।
स्टेशन पर पिछले दो वर्षों में काफी बदलाव
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने कहा कि लोहरदगा रेलवे स्टेशन पर पिछले दो वर्षों में काफी बदलाव आया है। स्टेशन परिसर से लेकर यात्रियों की सुविधाओं तक में सुधार हुआ है। विकास कार्य लगातार जारी हैं और आने वाले समय में स्टेशन पर और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
डीआरएम ने कहा कि धरमजयगढ़-गुमला-लोहरदगा रेल लाइन का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। परियोजना महत्वपूर्ण चरण में पहुंच चुकी है और इससे जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। पहले इस रेल लाइन का काम पूरा करने पर ध्यान दिया जाएगा। इसके बाद लोहरदगा रेलखंड पर दोहरीकरण की संभावनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे इस दिशा में भी काम कर रहा है। रांची रेलखंड पर दोहरीकरण को लेकर क्षमता, सर्वे और डीपीआर से संबंधित प्रक्रिया पर भी काम चल रहा है।
मेमू पैसेंजर में बढ़ सकती हैं बोगियां
लोहरदगा मेमू पैसेंजर ट्रेन में बोगियों की संख्या बढ़ाने की मांग पर डीआरएम ने कहा कि यात्रियों की वास्तविक संख्या जानने के लिए टिकट बिक्री के आंकड़े महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने लोगों से टिकट खरीदकर यात्रा करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए रेलवे को कई प्रस्ताव भेजे गए हैं। उम्मीद है कि इस दिशा में जल्द सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। यात्रियों की संख्या और जरूरतों के अनुरूप ट्रेन में अतिरिक्त बोगियां लगाने के प्रस्ताव पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
नई ट्रेनों से बढ़ेगा सीधा रेल संपर्क
डीआरएम ने कहा कि क्षेत्र में धीरे-धीरे नई ट्रेनों की सुविधा बढ़ रही है। आनंद विहार-पुरीलिया एक्सप्रेस के जुड़ने से लोहरदगा क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली, बनारस और लखनऊ की ओर यात्रा करने में सीधा रेल संपर्क मिला है।
वहीं, संतरागाछी-जयपुर एक्सप्रेस से हावड़ा, आगरा और प्रयागराज समेत अन्य स्थानों तक पहुंचने की सुविधा बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि रेलखंड की क्षमता को देखते हुए भविष्य में और ट्रेनों के परिचालन की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।
टिकट काउंटर बंद मिलने पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान डीआरएम टिकट खिड़की पर पहुंचे तो काउंटर बंद मिलने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से सवाल किया। उन्होंने निर्देश दिया कि जब टिकट बिक्री का समय हो और कर्मचारी की ड्यूटी लगी हो, तो काउंटर अनावश्यक रूप से बंद नहीं रहना चाहिए। कर्मचारियों को जिम्मेदारी से काम करने और यात्रियों को समय पर टिकट उपलब्ध कराने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे कर्मचारियों को यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए तैनात किया जाता है, इसलिए ड्यूटी के दौरान लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।