विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JSSC-CGL घोटाले की CBI जांच और छात्र मामलों की वापसी को लेकर भाजपा का पाकुड़ में जोरदार प्रदर्शन

Published: Wed, 09 Sep 2026 02:56 PM (IST)

BJP ने पाकुड़ कलेक्ट्रेट का घेराव कर JSSC-CGL नियुक्ति घोटाले की CBI जांच और छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की।

HighLights

  1. भाजपा ने पाकुड़ कलेक्ट्रेट का घेराव कर प्रदर्शन किया।

  2. JSSC-CGL नियुक्ति घोटाले की CBI जांच की मांग की।

  3. छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज मामले वापस लेने की अपील।

जागरण संवाददाता, पाकुड़। JSSC-CGL नियुक्ति में घोटाले की CBI जांच और छात्र आंदोलन के दाैरान छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग को लेकर बुधवार को भाजपा ने पाकुड़ कलेक्ट्रेट का घेराव किया। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र और भाजपा कार्यकर्ता आक्रोश रैली में शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने नियुक्ति प्रक्रिया में अनियमितताओं की सीबीआइ जांच कराने की मांग की। दोपहर करीब दो बजे परिसदन के समीप से आक्रोश रैली निकाली गई। रैली में बाबूलाल मरांडी भी छात्रों और कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची।

इस दौरान छात्र और भाजपा कार्यकर्ता नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा कथित भर्ती घोटाले की जांच कराने की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे।

कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने घेराव कर अपनी मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा। भाजपा नेताओं ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामले में सरकार को गंभीरता से कदम उठाना चाहिए।

उन्होंने कथित नियुक्ति घोटाले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी की गई थी। रैली और घेराव के दौरान काफी संख्या में छात्र एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।