पाकुड़-बंगाल मुख्य मार्ग धंसा, सड़क पर लगी वाहनों की कतार; पत्थर कारोबार पर पड़ेगा सीधा असर
लगातार बारिश के कारण पाकुड़ को पश्चिम बंगाल से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पुठीमारी पलटन ब्रिज के पास धंस गया ...और पढ़ें

पाकुड़-बंगाल मुख्य मार्ग धंसा, सड़क पर लगी वाहनों की कतार
HighLights
लगातार बारिश से पाकुड़-बंगाल मुख्य मार्ग पर सड़क धंसी।
पलटन ब्रिज के पास सड़क क्षतिग्रस्त, बड़े वाहनों का आवागमन ठप।
पत्थर कारोबार प्रभावित, स्थानीय लोगों ने स्थायी समाधान की मांग की।
संवाद सहयोगी, पाकुड़। लगातार बारिश के कारण पाकुड़ को पश्चिम बंगाल से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पुठीमारी पलटन ब्रिज के पास सड़क दोनों ओर धंस गया है। सड़क के क्षतिग्रस्त होने से बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है, जबकि बाइक और टोटो चालक जान जोखिम में डालकर किसी तरह रास्ता पार करने को मजबूर हैं।
मार्ग बंद होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। इलाज के लिए पश्चिम बंगाल जाने वाली एंबुलेंस को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पलटन ब्रिज काफी पुराना है। बारिश के बाद गंगा का जलस्तर बढ़ने और पानी के तेज बहाव के कारण सड़क दोनों ओर से धंस गई है।
इससे पहले भी सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण करीब दो सप्ताह तक वाहनों का आवागमन बाधित रहा था। मरम्मत के बाद परिचालन शुरू हुआ था, लेकिन लगातार बारिश ने फिर समस्या खड़ी कर दी।
पत्थर कारोबार पर पड़ेगा सीधा असर
पाकुड़ और पश्चिम बंगाल के बीच कारोबार के लिए यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण है। सड़क बंद होने से व्यवसायी वर्ग की परेशानी बढ़ गई है। खासकर पत्थर कारोबार पर इसका सीधा असर पड़ने की आशंका है। पाकुड़ से स्टोन चिप्स लदे सैकड़ों वाहन इसी मार्ग से पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचते हैं।
आवागमन बाधित रहने से इन वाहनों का परिचालन प्रभावित होने के साथ कारोबार पर भी असर पड़ेगा। स्थानीय लोगों ने बताया कि पलटन ब्रिज की मरम्मत और नए सिरे से निर्माण की मांग कई बार उठ चुकी है, लेकिन अब तक ठोस पहल नहीं हुई है।
लोगों का कहना है कि पुल का स्थायी समाधान होने पर बार-बार सड़क धंसने और आवागमन बाधित होने की समस्या से निजात मिल सकती है। फिलहाल सड़क की मरम्मत होने के बाद ही सामान्य आवागमन बहाल होने की उम्मीद है।
