जन्म प्रमाण पत्र के लिए पैर पकड़ने का वीडियो वायरल, मुख्यमंत्री सोरेन ने दिए जांच के निर्देश
Jharkhand News: पाकुड़ में जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पंचायत सचिव के पैर पकड़ने का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जांच के आदे ...और पढ़ें
HighLights
जन्म प्रमाण पत्र के लिए पंचायत सचिव के पैर पकड़े।
वायरल वीडियो पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जांच के आदेश दिए।
प्रारंभिक जांच में आवेदन पर आवेदक के हस्ताक्षर नहीं मिले।
जागरण संवाददाता, पाकुड़। झारखंड के संताल परगना क्षेत्र पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा प्रखंड में जन्म प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर पंचायत सचिव के पैर पकड़ने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तक पहुंच गया है। मुख्यमंत्री ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर पाकुड़ उपायुक्त को टैग करते हुए मामले की शीघ्र जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
लिट्टीपाड़ा प्रखंड के जामजोड़ी पंचायत निवासी दिनेश टुडू जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लंबे समय से कार्यालयों का चक्कर लगा रहा था। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में वह पंचायत सचिव से गुहार लगाते हुए उनके पैर पकड़ता दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते हुए एक्स पर लिखा कि पाकुड़ उपायुक्त मामले की शीघ्र जांच कर आवश्यक कार्रवाई करें और उन्हें इसकी जानकारी उपलब्ध कराएं। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है।
मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद अब लोगों की नजर जिला प्रशासन की जांच और उसके निष्कर्ष पर टिकी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि प्रसारित वीडियो में लगाए गए आरोप कितने सही हैं और जन्म प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया में कहीं कोई चूक हुई या नहीं।
सोमवार को ही मामले की जांच करायी गई। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि प्रमाण पत्र बनाने के लिए दिए गए आवेदन में आवेदक का हस्ताक्षर नहीं था। उसे बार बार हस्ताक्षर के लिए कहा जाता रहा परंतु वह बार बार कोई न कोई बहाना बना देता था। आवेदन अधूरा रहने के कारण प्रमाण पत्र नहीं बन सकता है।-अरविंद कुमार लाल, डीडीसी,पाकुड़
खबरें और भी
.@dcpakur उक्त मामले की शीघ्र जांच कर कार्रवाई करते हुए सूचित करें। https://t.co/4IX8jJutaj
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) June 29, 2026