Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    डेंगू के खिलाफ 'सर्जिकल स्ट्राइक', पाकुड़ शहर के 21 वार्डों में चल रहा कंटेनर सर्वे

    Updated: Fri, 24 Jul 2026 03:42 PM (IST)

    पाकुड़ में मानसून के बाद डेंगू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने 'मास्टर प्लान' तैयार किया है। शहर के सभी 21 वार्डों में 'कंटेनर सर्वे' जारी है, ...और पढ़ें

    डेंगू के खिलाफ 'सर्जिकल स्ट्राइक', पाकुड़ शहर के 21 वार्डों में चल रहा कंटेनर सर्वे

    डेंगू के खिलाफ 'सर्जिकल स्ट्राइक', पाकुड़ शहर के 21 वार्डों में चल रहा कंटेनर सर्वे

    HighLights

    1. पाकुड़ के 21 वार्डों में डेंगू रोकथाम हेतु कंटेनर सर्वे।

    2. 728 कंटेनरों में 64 में एडीज मच्छर के लार्वा मिले।

    3. स्वास्थ्य विभाग लोगों को डेंगू से बचाव के लिए जागरूक कर रहा।

    गणेश पांडेय, पाकुड़। मानसून की लगातार होती बारिश के साथ ही जहां मौसम सुहावना हुआ है, वहीं दूसरी ओर जलजमाव के कारण वेक्टर जनित बीमारियों का खतरा मंडराने लगा है। राहत की बात यह है कि जिले में अभी तक डेंगू का एक भी पॉजिटिव केस सामने नहीं आया है।

    इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग किसी भी प्रकार की लापरवाही के मूड में नहीं है। ''इलाज से बेहतर बचाव'' के सिद्धांत पर काम करते हुए विभाग ने पूरे शहर को डेंगू मुक्त बनाए रखने के लिए एक ''मास्टर प्लान'' तैयार किया है। शहर के सभी 21 वार्डों में ''कंटेनर सर्वे'' शुरू किया गया है।

    प्रशिक्षित स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर पानी के बर्तनों, छतों पर पड़े पुराने टायरों, टूटे-फूटे बर्तनों, कुलर और मनी प्लांट के गमलों की जांच कर रहे हैं। जहां भी स्थिर पानी में लारवा दिखाई दे रहा है, उसे तुरंत नष्ट भी कर रहे हैं।

    स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अबतक कुल 728 कंटेनरों की जांच की गई, जिनमें से 64 कंटेनरों में एडीज मच्छर के लार्वा तथा दो कंटेनरों में प्यूपा (मच्छर बनने से पहले का अंश) पाए गए।

    सरकारी दफ्तर व आवास में भी चला सर्वे

    स्वास्थ्य विभाग के कार्यकर्ता अबतक एडीज लार्वा डेंसिटी सर्वे रिपोर्ट के अनुसार फिक्स्ड साइट्स, जैसे रथ मेला मैदान, डीसी आवास, डीडीसी आवास, एसपी आवास, सूचना भवन, बस स्टैंड, कोर्ट परिसर, एसडीओ कार्यालय एवं आवास, नगर परिषद कार्यालय, जेल परिसर, इंद्र चौक, पार्क, स्टेडियम, विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठान रिलायंस स्मार्ट बाजार, हार्डिंग बाजार, पेट्रोल पंप, टिनबंगला पोखर एवं विवाह भवन सहित 30 से अधिक महत्वपूर्ण स्थलों को कवर कर चुके हैं। सभी प्रतिष्ठानों के संचालकों को निर्देश भी दिया गया है कि कहीं पर भी अधिक दिनों तक पानी नहीं जमने दें।

    खबरें और भी

    ग्रामीण इलाके में भी बरती जा रही सतर्कता

    शहरी क्षेत्र में चार कम्युनिटी वॉलंटियर्स एवं अर्बन सहियाओं के सहयोग से सर्वे का कार्य किया जा रहा है। सर्वे के दौरान घर-घर जाकर लोगों को डेंगू एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।

    साथ ही जल जमाव वाले स्थानों, कूलर, टायर, गमलों एवं अन्य कंटेनरों की जांच कर मच्छरों के लार्वा की खोज की जा रही है। जहां लार्वा पाए जा रहे हैं, वहां तत्काल नियंत्रणात्मक कार्रवाई करते हुए लार्विसाइड का छिड़काव किया जा रहा है।

    ग्रामीण क्षेत्रों में यह अभियान एमपीडब्ल्यू के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। गांवों में घर-घर सर्वेक्षण के साथ ग्राम सभाओं, विद्यालयों में बैठकों के माध्यम से लोगों को डेंगू, मलेरिया, कालाजार एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

    जागरूकता ही बचाव

    डेंगू सहित अन्य वेक्टर जनित बीमारियों से बचने के लिए स्वास्थ्य विभाग आमजनों को जागरूक कर रही है। जागरूकता गतिविधियों में सहिया, एमपीडब्ल्यू, केटीएस तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

    स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा आईपीसी कार्ड, घर-घर संपर्क अभियान, विद्यालय जागरूकता कार्यक्रम, ग्राम बैठकों एवं सामुदायिक संवाद के माध्यम से लोगों को जल जमाव रोकने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने, पूर्ण आस्तीन के कपड़े पहनने, मच्छरदानी के उपयोग तथा बुखार होने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

    स्वास्थ्य विभाग की अपील

    • हर सप्ताह एक दिन करें ड्राई डे का अनुपालन, कुलर-टंकी सुखाकर साफ करें।
    • फ्रिज की डिफ्रॉस्ट ट्रे का पानी रोज खाली करें।
    • पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें।
    • बुखार आने पर खुद से दवा न लें, जांच कराएं।

    डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने योजना बनाई है। शहर के सभी वार्डों में घर-घर सर्वे चल रही है। जिलेवासी सप्ताह में एक दिन ड्राई डे का अनुपालन करें। - डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा, सिविल सर्जन, पाकुड़