स्टेशन पर रील बनाने के चक्कर में जान जोखिम में डाल रहे हैं Gen Z, सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में
डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे है, जहां युवा पटरियों पर रील बनाकर जान जोखिम में डाल रहे ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
युवा पटरियों पर रील बनाकर जान जोखिम में डाल रहे हैं।
आरपीएफ की कमी और सीसीटीवी कवरेज में खामियां उजागर।
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। प्रमंडल मुख्यालय डाल्टनगंज स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है। जेन जी रील बनाने के चक्कर में जान जोखिम में डाल रहे हैं, तो यात्री टूटी लिफ्ट के कारण परेशान हैं।बता दे कि मंगलवार को गढ़वा शहर स्टेशन पर रील बनाने के दौरान एक युवती के ट्रेन की चपेट में आने से उसके दोनों हाथ कट गए। युवती गंभीर रूप से घायल है।
डाल्टनगंज स्टेशन पर भी आए दिन ट्रैक पर रील बनाने और चलती ट्रेन पर स्टंट के मामले सामने आते रहते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। सुरक्षा के लिहाज से सबसे बड़ी लापरवाही आरपीएफ चौकी को लेकर है। चौकी में सीसीटीवी मानिटर पर नजर रखने के लिए महज दो जवानों की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि प्रतिदिन औसतन 10 हजार यात्रियों का आना-जाना होता है।
करीब 15 करोड़ वार्षिक आया वाले इस स्टेशन यहां से कई बड़े शहरों के लिए ट्रेनें खुलती हैं। मालूम हो किस्टेशन पर करीब 20 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन नए स्टेशन परिसर में इसका कवरेज नहीं है। इसी का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व सक्रिय हैं। कुछ दिन पूर्व असामाजिक तत्वों द्वारा लिफ्ट तोड़ दी गई।
लिफ्ट खराब होने से दूसरे प्लेटफॉर्म पर भारी सामान लेकर आने-जाने वाले बुजुर्गों, महिलाओं व दिव्यांग यात्रियों को सीढ़ियों व रैंप से आना-जाना पड़ रहा है। आश्चर्य की बात है कि लिफ्ट क्षेत्र का सीसीटीवी में पूर्ण कवरेज है, बावजूद इसके ऐसी घटना पर नियंत्रण करने में आरपीएफ असफल रही है।
इस संबंध में स्टेशन प्रबंधक उमेश कुमार ने बताया कि लिफ्ट खराब होने की जानकारी संबंधित विभाग को दे दी गई है। शीघ्र ही इसका संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा।
क्या है रेलवे नियमों में सजा का प्रावधान?
रेलवे अधिनियम 1989 की धारा 147 के तहत अनाधिकृत रूप से रेल परिसर में प्रवेश व ट्रैक पर चलने पर 6 माह तक की सजा और 1000 रुपये जुर्माना है। धारा 145 और 167 के तहत हुड़दंग व रेल संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर भी कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है।
झारखंड रेल यूजर संगठन ने रेल मंत्री, डीआरएम व वरीय रेल अधिकारियों का इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से सेक्शन में आरपीएफ जवानों की संख्या बढ़ाने, सीसीटीवी कवरेज दुरुस्त करने, टूटी लिफ्ट की मरम्मत व रीलबाजों पर तत्काल सख्ती की मांग की है।
