रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हादसा, पलामू में ट्रेन की चपेट में आकर छात्रा की मौत
जपला रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पार करते समय एक छात्रा की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ...और पढ़ें

जपला स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर हादसा हुआ।
HighLights
जपला स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर हादसा हुआ।
ट्रेन की चपेट में आने से छात्रा की मौत हुई।
संवाद सूत्र, जपला,(पलामू)। सोननगर-गढ़वा रोड रेलखंड के जपला रेलवे स्टेशन से करीब आधा किलोमीटर दूर बक्शी हाई स्कूल के समीप रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान एक छात्रा तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान देवरी ओपी क्षेत्र के सोनपुरवा गांव निवासी सतेंद्र की पुत्री बबीता कुमारी के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। हादसे की खबर मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पर आरपीएफ जपला पोस्ट के निरीक्षक प्रभारी संजय कुमार झा एवं हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेज दिया। चूंकि घटना रेलवे ट्रैक पर हुई थी, इसलिए इसकी सूचना जीआरपी डालटनगंज को भी दी गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा रेलवे लाइन पार कर रही थी, तभी वह ट्रेन की चपेट में आ गई। आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी संजय कुमार झा ने लोगों से रेलवे ट्रैक पार करते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम व अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।