झारखंड में भारी बारिश से उफान पर कोयल नदी, मेदिनीनगर के निचले इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी
कोयल नदी में भारी वर्षा के कारण जलस्तर बढ़ने से मेदिनीनगर के निचले इलाकों में बाढ़ आ गई है। 200 ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। कोयल नदी के ऊपरी क्षेत्र गुमला और लातेहार जिला में हुई भारी वर्षा के बाद पलामू की जीवनरेखा मानी जाने वाली कोयल नदी उफान पर है।
शुक्रवार की सुबह अचानक जलस्तर बढ़ने से पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर शहर के कई निचले और पिछड़े इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
कोयल नदी तटीय क्षेत्र पहाड़ी मोहल्ला के राहत नगर, गम्हाल रोड, आला एकेडमी आदि मार्ग के 200 से ज्यादा घरों में पानी भर गया। पूरा इलाका तालाब में तब्दील हो गया है। लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।
घरों के लोग कैदी बन कर रह गए हैं। यहां तक की दोपहिया वाहनों का आवागमन भी बाधित हो गया है। दर्जनभर स्कूल के वाहन इन क्षेत्रों में नहीं पहुंचे। इस कारण क्षेत्र के बच्चे स्कूल नहीं जा सके। बाढ़ से कई परिवारों को आंशिक नुकसान हुआ है। गम्हेल रोड, राहत नगर और झोपड़पट्टी क्षेत्र की सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं।
जनजीवन प्रभावित
भारी जलजमाव के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय तक पानी जमा रहा तो संक्रामक बीमारियां फैल सकती है। हर वर्ष कोयल नदी का जलस्तर बढ़ने पर इस क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है। ये इलाके नदी के तट पर बसे हुए हैं।
बाढ़ से प्रभावित लोगों में मोहम्मद अरशद हुसैन, अनवर, तस्लीम अंसारी, गुड्डू, खलील अहमद, असगर अली और मो. शकील समेत दर्जनों घरों में पानी घुस गया है। सैयद मोहम्मद इरशाद , मोहम्मद इमरान, एस एम शाहनवाज ,एहतेशाम अली, मो. अली समेत 300 से अधिक घरों के बाहर भारी जलजमाव की स्थिति बनी हुई है।
स्थानीय निवासी जुबेर आलम ने बताया कि कोयल नदी से निकली सोती नदी को आज तक व्यवस्थित नहीं किया गया है। उनके अनुसार सोती नदी के प्राकृतिक बहाव क्षेत्र में लोगों ने मकान बना लिए हैं।
इससे बाढ़ का पानी अपने निर्धारित मार्ग से बहने के बजाय मोहल्लों में घुस रहा है। उन्होंने प्रशासन से सोती नदी का संरक्षण और बांध निर्माण कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- झारखंड में बांग्ला भाषा को लेकर सियासत तेज, भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने हेमंत सरकार पर लगाया बड़ा आरोप
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।