पलामू से मजदूरी करने धनबाद जा रहा था मिथिलेश, ट्रेन से गिरकर हुई मौत; चढ़ने के दौरान हुआ हादसा
पलामू के चैनपुर निवासी मिथिलेश कुमार की बरवाडीह रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसलने से मौत हो गई। वह मजदूरी के लिए धनबाद जा रहे थे, इस हादस ...और पढ़ें

ट्रेन से गिरकर हुई मौत ( सांकेतिक तस्वीर )
HighLights
मिथिलेश कुमार की ट्रेन में चढ़ते समय हुई मौत।
मजदूरी करने धनबाद जा रहे थे पलामू निवासी।
बरवाडीह स्टेशन पर पैर फिसलने से हुआ हादसा।
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर(पलामू)। जिले चैनपुर थाना क्षेत्र के पूर्व मोहल्ला निवासी स्वर्गीय अशोक राम के 35 वर्षीय पुत्र मिथिलेश कुमार की ट्रेन में चढ़ने के दौरान पैर फिसल जाने से मौत हो गई। वह अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए मजदूरी करने धनबाद जा रहे थे। इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने बताया कि मिथिलेश कुमार मंगलवार को बरवाडीह रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। वह बीडीएम सवारी ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने इसकी सूचना जीआरपी थाना पुलिस को दी।
चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया
सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस बरवाडीह रेलवे स्टेशन पहुंची और घायल मिथिलेश कुमार को इलाज के लिए बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच), मेदिनीनगर रेफर कर दिया।
हालांकि, एमएमसीएच पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस जवान महेंद्र कुमार और विकास कुमार अस्पताल पहुंचे। उन्होंने स्वजनों से घटना की जानकारी लेने के बाद शव का इंक्वेस्ट तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खबरें और भी
पुलिस मामले की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। मिथिलेश कुमार की असामयिक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के लोग उनके मजदूरी कर घर चलाने की बात बताते हुए गहरे सदमे में हैं।